– कलेक्टर सभागृह में जिला कलेक्टर और एसपी ने ली सामुहिक बैठक
रतलाम। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को आयोजित पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों की संयुक्त मासिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर मिशा सिंह ने सड़क सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर कड़े निर्देश दिए।
बैठक में हिट-एंड-रन के लंबित प्रकरण, धारा 141(1)(बी) बीएनएसएस के मामले, अंतरिम व फायनल बाउंड ओवर कार्रवाइयाँ, थानों में रखी जप्त सामग्री, जमीन आवंटन से जुड़े प्रकरण, जमीन विवाद, लंबित मर्ग, जिलाबदर उल्लंघन, ट्रैफिक मित्र योजना, राहवीर योजना, तथा एससी-एसटी अत्याचार प्रकरणों की प्रगति सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर के प्रमुख निर्देश –
ब्लैक स्पॉट्स का संयुक्त निरीक्षण करें – पुलिस व राजस्व अधिकारी संयुक्त टीम बनाकर नियमित भ्रमण करें और दुर्घटना रोकथाम के उपाय सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य सुविधाएँ तुरंत उपलब्ध हों – ब्लैक स्पॉट्स के नजदीक स्थित शासकीय एवं निजी अस्पतालों को चिन्हित कर वहां राहवीर योजना और अधिकारियों के मोबाइल नंबर प्रदर्शित किए जाएँ।
हिट-एंड-रन मामलों में समन्वय बढ़ाएं – पुलिस और राजस्व विभाग समयसीमा में सभी प्रकरणों के निराकरण को सुनिश्चित करें। विकासखंड स्तर की साप्ताहिक बैठकों में इन प्रकरणों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
थानों में जप्त सामग्री का शीघ्र निपटान – शासन के निर्देशानुसार मिशन मोड में निराकरण कर लंबित सामग्री हटाई जाए।
सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा न हो – विकास कार्यों हेतु आवंटित शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखा जाए और नए कब्जों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश –
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशानिर्देश दिए और विभागीय समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक का संचालन एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने किया। बैठक में एडिशनल एसपी राकेश खाखा, एडिशनल एसपी ग्रामीण विवेक लाल के साथ सभी एसडीएम, एसडीओपी, टीआई, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

