– 2012 बैच के आईएएस अधिकारी ने कलेक्टर कार्यालय और जिला कोषालय का भी ग्रहण किया प्रभार, अधिकारियों ने किया स्वागत
रतलाम। रतलाम जिले को नए कलेक्टर के रूप में 2012 बैच के आईएएस अधिकारी अजय कटेसरिया मिले हैं। उन्होंने मंगलवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। कलेक्टर कार्यालय पहुंचने पर जिला एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
कटेसरिया इससे पहले मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग में अपर सचिव तथा कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल के संचालक के रूप में कार्यरत थे। वे इससे पूर्व सतना जिले में कलेक्टर की जिम्मेदारी भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों ने उन्हें जिले की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, विकास कार्यों और विभिन्न विभागों की गतिविधियों की प्रारंभिक जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने जिला कोषालय, रतलाम का प्रभार भी ग्रहण किया, जहां वरिष्ठ कोषालय अधिकारी ने उन्हें कोषालय की कार्यप्रणाली एवं वित्तीय व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व कलेक्टर मिशा सिंह, जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

