– बारूद की चिंगारी बनी तबाही की वजह, कई घायल, व्यस्त बाजार थर्राया
– पेटलावद कांड की याद ताजा
रतलाम। शहर के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले चांदनी चौक में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ‘यूसुफ भाई’ की बंदूक दुकान में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरा बाजार दहल उठा, लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। हादसे में कई लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जिन्हें तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
वेल्डिंग की चिंगारी ने उड़ाए होश –
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दुकान में मरम्मत अथवा वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी दुकान में रखे बारूद के संपर्क में आ गई, जिससे जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर तक सुनी गई, आसपास की दुकानों और मकानों में कंपन महसूस किया गया।
बाजार में भगदड़, दुकानों के शटर गिरे –
धमाके के बाद चांदनी चौक में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए। व्यापारियों ने आनन-फानन में दुकानें बंद कर दीं। स्थानीय लोगों ने इस हादसे की तुलना पेटलावद जैसे बड़े विस्फोट कांड से करते हुए प्रशासन की लापरवाही पर सवाल खड़े किए।
दमकल-पुलिस मौके पर, बड़ी अनहोनी टली –
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान में विस्फोटक सामग्री मौजूद होने के चलते बचाव कार्य बेहद सतर्कता के साथ किया गया। घटनास्थल पर एएसपी राकेश खाखा और एसडीओपी सत्येंद्र घनघोरिया दल-बल के साथ मौजूद रहे।
इलाका सील, जांच शुरू –
सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र को पुलिस ने घेराबंदी कर सील कर दिया है। प्रशासन घायलों की संख्या और नुकसान का आंकलन कर रहा है। पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि दुकान में बारूद का भंडारण वैधानिक था या नहीं, और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
सवालों के घेरे में प्रशासन –
घनी आबादी और व्यावसायिक क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री का इस तरह रखा जाना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह हादसा बड़े जनहानि में बदल सकता था।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

