– पूर्व गृहमंत्री के पेट्रोल पम्प पर हुई दशहरा उत्सव समिति की बैठक
– 24 अक्टूबर को परम्परानुसार मनेगा दशहरे का पर्व
जावरा। बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा इस साल भी आचार संहिता के साये में मनेगा। आचार संहिता लागू होने से ठीक एक दिन पहले रविवार की रात में खाचरौद रोड़ स्थित पूर्व गृहमंत्री भारतसिंह के शिव शक्ति पेट्रोल पम्प पर दशहरा उत्सव समिति की बैठक हुई। जिसमें इस वर्ष भी परम्परानुसार ही दशहरा पर्व मनाने का निर्णय लिया गया। हालाकि आचार संहिता बैठक के बाद लगी है, ऐसे में नई गाईड लाईन के आधार पर पर्व मनाया जाएगा।
रविवार की देर शाम शिव शक्ति पट्रोल पम्प पर समिति के संरक्षक एवं पूर्व गृहमंत्री भारतसिंह (पूर्व ग्रहमंत्री), परामर्शदाता डॉ राजेंद्र पाण्डेय (विधायक, जावरा) अध्यक्ष हरिनारायण अरोड़ा, सचिव अजयसिंह भाटी, कोषाध्यक्ष घनश्याम रामनानी, संयोजक कैलाश विजयवर्गीय, महेंद्र गंगवाल, सुशील कोचट्टा, राजेंद्र गर्ग, पवन मोदी, मोहन पटेल, नंदकिशोर महावर, जीतू टुकडिय़ा, राहुल पाटीदार, प्रमोद रावल, भोजराज सिंह परिहार, मोहम्मद युसूफ (बब्बू)आदि की उपस्थिति मे दशहरा उत्सव समिति की बैठक संपन्न हुई।
बैठक में कोषाध्यक्ष घनश्याम रामनानी ने गत वर्ष का आय व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। जिसे सदन ने पास किया। समिति के सचिव अजयसिंह भाटी ने बताया की 24 अक्टूबर को परम्परानुसार इकबाल गंज स्थित दशहरा मैदान पर हर्षोल्लास के साथ दशहरा मनाया जाएगा। विभिन्न प्रकार की आतिश बाजी के साथ भगवान श्रीराम की सवारी ताल नाका से प्रारंभ होकर बजाजखाना, कोठीबाजार, नीमचोक, रतलामी गेट होते हुए दशहरा मैदान इकबाल गंज पहुँचेगी। जहा समिति सदस्यों द्वारा स्वागत किया जाएगा। दशहरा मैदान पर डिजीटल आतिशबाजी के बीच राम रावण का सांकेतिक युद्ध किया जाकर हनुमान द्वारा लंका दहन किया जाएगा। परम्परानुसार समिति के नितिराज भारतसिंह द्वारा प्रतिक स्वरूप रावण की नाभि पर तलवार मारी जाएगी, उसके बाद शाम 7.30 बजे 51 फिट के रावण तथा 31-31 फिट के मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन भगवान राम और लक्ष्मण द्वारा किया जाएगा।

