– अब नगर पालिका के माध्यम से शहर की हर गली मोहल्ले के साथ गांव गांव में गुंजेगी गौरव की आवाज
– मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों के साथ मिलकर तैयार किया गीत
– एसडीएम और सीएमओ ने किया प्रेरित, स्कूल प्राचार्य व स्टॉफ ने दिया सहयोग
जावरा। मध्यप्रदेश विधानसभा का चुनावी दौर शुरु हो गया है, 17 नवंबर को मतदान होना है, ऐसे में शत प्रतिशत मतदान करने को लेकर आम जनता और मतदाताओं को जागरुक करने प्रशासन तरह तरह के जतन कर रहा है, इसी कड़ी में जावरा एसडीएम अनिल भाना और सीएमओ दुर्गा बामनिया की प्रेरणा से शहर के मॉडल स्कूल में संगीत शिक्षक तथा जावरा की प्रतिभा लता मंगेश्वर अवार्डी गौरव वर्मा ने अपने विद्यार्थियों के साथ मिलकर मतदाता जागरुकता गीत तैयार किया है।अब यह मतदाता जागरुकता गीत नगर पालिका के माध्यम से शहर की हर गली, मोहल्ले से लेकर गांव गांव तक गुंजेगा और मतदाताओं को शत प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करेगा।
मतदाता जागरुकता गीत का गायन, संगीत निर्देशन और रिकार्डिंग गौरव वर्मा ने की है, गीत शैलेष मारवाड़ी ने लिखा है, संगीत संयोजन अमित शर्मा ने किया है। गौरव के साथ कोरस गायन मॉडल स्कूल की छात्रा हिमांशी शक्तावत, आंचल कुशवाह, खुशनुमा शाह, पलक राठौर तथा महिला पाटीदार ने किया है। तबला विद्यालय के ही केशव शर्मा ने बजाया है। गीत को तैयार करने में विद्यालय प्रचार्य निर्मला बैरागी, अल्का पगारिया, महेश कुमार नोटिया, मनुदेवसिंह चन्द्रावत तथा राकेश राठौड़ सहयोग प्रदान किया है।


