4 महीने से जमीन बंधक, जवाब नहीं दे पाए रजिस्ट्रार
– एसडीएम ने 20 दिन में स्थिति साफ करने का दिया आश्वासन
– समिति ने कहा 27 तक नही नहीं खुली तो 28 को होगा फोरलेन जाम
जावरा। हुसैन टैकरी चौराहे से होटल ज़ोयो तिराहे तक प्रस्तावित एलाइनमेंट निरस्त होने के बाद जमीन रजिस्ट्री विवाद अब प्रशासन बनाम जनता की सीधी लड़ाई बनता नजर आ रहा है। कलेक्टर द्वारा एलाइनमेंट निरस्त किए जाने के 4 महीने बाद भी हजारों किसानों और व्यापारियों की जमीनों पर लगी मौखिक रोक ने गुरुवार को बड़ा विस्फोट कर दिया। जन संघर्ष समिति ने उप पंजीयक कार्यालय पर हल्ला बोलते हुए प्रशासन को खुली चुनौती दी, वहीं एसडीएम को सामने आकर रजिस्ट्री शुरू करने के मामले में 15 से 20 दिन में स्थिति साफ करने का आश्वासन देना पड़ा। यदि 20 दिन बाद रजिस्ट्री नहीं खुली तो समिति एसडीएम आफीस के सामने प्रदर्शन करेगी और फोरलेन को जाम करेगी। करीब 2 घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान समिति ने रजिस्ट्रार के कार्यालय में नहीं घुसने दिया। तपती गर्मी में समिति और रजिस्टार धुप मे ही खड़े रहे।
लिखित आदेश दिखाओ ! जनता के सवालों के सामने चुप पड़े उप पंजीयक –
गुरुवार को जन संघर्ष समिति के नेतृत्व में सैकड़ों किसान, व्यापारी और पीडि़त परिवार उप पंजीयक कार्यालय पहुंचे और कार्यालय के बाहर ही धरना दे दिया। प्रदर्शनकारियों ने उप रजिस्टार से सीधा सवाल दागा कि जब 14 जनवरी 2026 को कलेक्टर एलाइनमेंट निरस्त कर चुके हैं, तो आखिर किस आदेश से रजिस्ट्रियां बंद हैं ? यदि कोई लिखित आदेश है तो वह सार्वजनिक किया जाए, लेकिन मौके पर उप पंजीयक कोई स्पष्ट लिखित आदेश प्रस्तुत नहीं कर पाए। समिति ने आरोप लगाया कि प्रशासन बिना किसी वैध आदेश के जनता की जमीनों को बंधक बनाकर बैठा है।
निरस्त आदेश की आड़ में मौखिक तानाशाही ? –
समिति ने आरोप लगाया कि 2024 के पुराने और निरस्त आदेशों का हवाला देकर प्रशासन आज भी रजिस्ट्रियां रोक रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि आम लोगों के अधिकारों का खुला दमन है, जिससे हजारों परिवार आर्थिक और मानसिक संकट झेल रहे हैं।
मामला बिगड़ता देख खुद पहुंचे एसडीएम, मीडिया के सामने दिया बड़ा बयान –
विवाद बढ़ता देख एसडीएम सुनिल जायसवाल और तहसीलदार सहदेव मौरे स्वयं उप पंजीयक कार्यालय पहुंचे। मीडिया और प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी में एसडीएम ने कहा कि अगले 15 से 20 दिन में इस मामले में स्थिति साफ कर दी जाएगी। एसडीएम के इस सार्वजनिक आश्वासन के बाद जन संघर्ष समिति ने फिलहाल धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया।
27 मई आखिरी तारीख, वरना 28 को फोरलेन जाम –
धरना स्थगित किए जाने के बाद जन संघर्ष समिति ने प्रशासन को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 27 मई तक रजिस्ट्री शुरू नहीं हुई तो 28 मई को महू-नीमच फोरलेन पर विशाल चक्काजाम किया जाएगा। समिति ने साफ कहा कि यदि हालात बिगड़ते हैं तो उसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में ये लोग रहे मौजूद –
प्रदर्शन में सुनील पोखरना, मनोज मेहता, डी.पी.धाकड़, राजेश कोठारी, रंजीत सिघंल, असलम मेव, राजेश भरावा, जीतू मालवीय, यूसुफ पठान, गुड्डू पठान, मुकेश धाकड़, जगदीश सोलंकी, आर.डी.धाकड़, आकाश जाजोदिया, नंद किशोर राठौर दिनेश सैनी, मोहम्मद हुसैन, भुरु रईस कुरैशी, मोहन सैनी, सैयद इखतार अली, जीवन सैनी, हैदर पटेल, सिकंदर मेव, शाहरुख डेविड , शाहिद सवेरा , इमरान बोरदा , रहीम चाचा सहित बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी और प्रभावित नागरिक मौजूद रहे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

