– वार्ड 09 के जनप्रतिनिधियों के आंदोलन के ऐलान के बाद प्रशासन हरकत में, दोषियों पर कार्रवाई और रिकवरी की उठी मांग
जावरा। नगर पालिका परिषद जावरा के वार्ड क्रमांक 09 में रिटर्निंग वॉल निर्माण को लेकर उठे विवाद ने अब प्रशासनिक स्तर पर बड़ा रूप ले लिया है। पार्षद जानी बाई धाकड़ और पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया द्वारा भूख हड़ताल एवं आंदोलन की चेतावनी दिए जाने के बाद दूसरे ही दिन उज्जैन से अधिकारियों की विशेष टीम जावरा पहुंची और मौके पर विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं, अधूरे काम, डिजाइन के विपरीत निर्माण और भुगतान संबंधी गंभीर शिकायतों की जांच की गई। अधिकारियों ने सोमवार तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने और खामियों के निराकरण का आश्वासन दिया है।
शिकायतकर्ता की मौजूदगी में दोबारा होगी रिटर्निंग वॉल की नपती –
निरीक्षण के दौरान उज्जैन से आए कार्यपालन यंत्री मनोहर बागड़ी, सहायक यंत्री राजेंद्र काजलिया, सीएमओ चंद्रशेखर सोनीस और इंजीनियर लोकेश कुमार विजय ने स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता की उपस्थिति में रिटर्निंग वॉल की ऊंचाई, लंबाई और अन्य तकनीकी पहलुओं का पुन: मापन किया जाए तथा रिपोर्ट सोमवार तक उज्जैन कार्यालय में प्रस्तुत की जाए।
डिजाइन के विपरीत निर्माण और भुगतान का आरोप –
पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया ने अधिकारियों को बताया कि डिजाइन में शामिल कुछ कार्य ठेकेदार द्वारा किए ही नहीं गए, फिर भी उनका भुगतान कर दिया गया। साथ ही निर्धारित मात्रा और गुणवत्ता के अनुसार स्टील का उपयोग नहीं किए जाने तथा निर्माण कार्य अधूरा छोडऩे जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए। उन्होंने फोटोग्राफ और वीडियो के माध्यम से अधिकारियों को तथ्यों से अवगत कराया।
सोमवार तक समाधान नहीं तो फिर होगा आंदोलन –
कसानिया ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती है तो वे पुन: आंदोलन और भूख हड़ताल का रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सरकारी राशि की रिकवरी की मांग भी की।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी –
मौके पर मौजूद भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एल्डरमैन नंदकिशोर महावर, संतोष शर्मा, पार्षद कालू कदम और पार्षद प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सोलंकी ने भी निर्माण कार्य में हुई कथित गड़बडिय़ों पर नाराजगी व्यक्त की।
वाल्मीकि बस्ती में नालियों और पाइपलाइन की खामियां भी आईं सामने –
रिटर्निंग वॉल के निरीक्षण के बाद अधिकारियों की टीम वाल्मीकि बस्ती पहुंची, जहां नालियों और पेयजल पाइपलाइन से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अब सोमवार की रिपोर्ट पर टिकी लोगों की नजर –
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि तय समय सीमा में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होती है तो क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले में सोमवार को आने वाली जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

