– मध्यप्रदेश पुलिस के जनजागरूकता अभियान में विद्यार्थियों ने बनाई आकर्षक रंगोली
– पुलिस अधिकारियों ने दिलाई नशामुक्त समाज की शपथ
जावरा। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत स्थानीय सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल, जावरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की सबसे आकर्षक प्रस्तुति विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई संदेशात्मक रंगोली रही। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए “Say No To Drugs” और “नशे से दूरी, है ज़रूरी” जैसे प्रेरक संदेशों के साथ रंगोली तैयार की। रंगों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए विनाशकारी है, जबकि नशामुक्त जीवन ही उज्ज्वल भविष्य की पहचान है। विद्यार्थियों की इस अनूठी प्रस्तुति ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसआई राकेश मेहरा, एसआई शशिकला, ज़ाकिर खान, जितेंद्र व्यास एवं दीपक यादव सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, उससे जुड़े कानूनी प्रावधानों और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस दौरान एसआई श्रीमती शशिकला ने विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज निर्माण की शपथ भी दिलाई।
जागरुकता से ही नशा मुक्त समाज संभव –
विद्यालय के प्रबंधक श्री देवेंद्र मूणत ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक स्वयं जागरूक बने और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करे। उन्होंने मध्यप्रदेश पुलिस के इस जनहितकारी अभियान की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नशा केवल समाज ही नहीं भविष्य को करता हैं प्रभावित –
विद्यालय के प्राचार्य इंजी. भाविक मूणत ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थी जीवन सीखने, सपने देखने और लक्ष्य तय करने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। यदि युवा वर्ग नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, संस्कृति और नैतिक मूल्यों को अपनाए तो वह अपने परिवार और देश का गौरव बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका आवश्यक –
विद्यालय की मैनेजर श्रीमती पूर्वी मूणत ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन, सकारात्मक सोच और अच्छी संगति अपनाने की प्रेरणा देते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने “नशे से दूरी, है ज़रूरी” का सामूहिक संकल्प लेते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में अपना सक्रिय योगदान देने का प्रण लिया। विद्यालय परिवार ने मध्यप्रदेश पुलिस एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने में सभी के सहयोग की सराहना की।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

