– खाद उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था और साधु-संतों की सुरक्षा पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
जावरा/भोपाल। प्रदेश के किसानों और साधु-संतों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर भारत विकास परिषद शाखा जावरा के अध्यक्ष शेखर नाहर ने भोपाल में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रदेश में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने तथा साधु-संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे जनहित के विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
खाद की हो पर्याप्त उपलब्धता –
शेखर नाहर ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष आगामी कृषि सीजन को देखते हुए किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष कृषि सीजन के दौरान कई क्षेत्रों में खाद की कमी और वितरण संबंधी समस्याएं सामने आती हैं, जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए अभी से ठोस और प्रभावी व्यवस्थाएं की जानी चाहिए ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
संतो की सुरक्षा पर उठाए ठोस कदम –
उन्होंने प्रदेश में साधु-संतों की सुरक्षा का विषय भी उठाते हुए कहा कि संत समाज भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण आधार है। उनकी सुरक्षा और सम्मान को लेकर सरकार तथा प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने की मांग भी उन्होंने की। मुलाकात के दौरान मध्यप्रदेश वेयरहाउस संगठन के अध्यक्ष संजय जी से भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में खाद के भंडारण, परिवहन और वितरण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने इस बात पर जोर दिया कि किसानों को किसी भी परिस्थिति में खाद के लिए भटकना न पड़े और उन्हें आवश्यक कृषि संसाधन समय पर उपलब्ध हों।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति –
बैठक में सुरेंद्र कुमार जैन, राकेश चोरडिय़ा, राजकुमार मारवाड़ी तथा जबलपुर से आई महिला अध्यक्ष संगीता जी भी उपस्थित रहीं। सभी ने किसानों के हित, सामाजिक सुरक्षा तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए सरकार से इन मुद्दों पर प्राथमिकता के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की। उपस्थित प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान, खाद उपलब्धता की बेहतर व्यवस्था तथा साधु-संतों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता से कदम उठाएगी। भोपाल में हुई यह मुलाकात जनहित के महत्वपूर्ण विषयों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखी जा रही है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

