– जावरा के चुरू दाल मील के पास हुआ सड़क हादसा
– जावरा एसडीएम ने अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल
जावरा। फोरलेन स्थित चुरू दाल मील के समीप एक सड़क हादसे में पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। कार में सवार लोग सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे के समय कार में कुल छ: लोग सवार थे। जिसमें दो पुरुष, दो महिलाएं, एक बच्चा और एक युवति शामिल हैं।
हादसे में दो पुरुष एवं एक बच्चा सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जबकि तीन महिलाएं घायल हो गईं। दुर्घटना के दौरान संयोगवश वहां से गुजर रहे जावरा एसडीएम सुनील जायसवाल ने तत्काल अपनी गाड़ी रुकवाई और घायलों की स्थिति देखी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी तथा मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए स्वयं अपनी गाड़ी से घायलों को लेकर जावरा के सिविल हॉस्पिटल पहुँचे, जहाँ तीनों घायल महिलाओं का उपचार जारी है। घायल महिलाओं में कोमल कुंवर पति विक्रमसिंह, शीतल पति विक्रमसिंह तथा प्रतिष्ठा शामिल हैं। सभी रतलाम के कोटड़ी के निवासी हैं। वे लोग राजस्थान के सांवरिया जी से दर्शन कर अपने घर लोट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इसी दौरान घटना स्थल से दो मोबाइल फोन चोरी होने की भी सूचना मिली है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। घायलो के बयान लेने के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

