जावरा। शास्त्री कॉलोनी स्थित श्री साँवलिया सेठ मंदिर पर फाल्गुनी ग्यारस के अवसर पर श्री शिवशक्ति मारुति मंदिर, श्री साँवलिया सेठ मंदिर समिति व साँवरे कुटुंब परिवार के सदस्यों द्वारा संगीतमय रंगारंग फाग महोत्सव का आयोजन किया गया। जगतसेठ श्री साँवलिया सेठ का आकर्षक मनमोहक श्रृंगार किया गया। फाग महोत्सव में समधुर भजनों की प्रस्तुतियों पर कॉलोनी वासियों ने नृत्य कर खूब आनंद लिया। महोत्सव के तहत रंग गुलाल और फूलो के साथ श्री साँवलिया सेठ को होली खिलाई गई।
समिति के निलेश जोशी ने बताया कि भजन सेविका महिमा व्यास व म्यूजिकल ग्रुप रतलाम द्वारा फाग महोत्सव में अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। आयोजन रात्रि 8 बजे आरम्भ हुआ, जिसमे रंगारंग भजनों पर श्रद्धालुओं ने होली खेली। इस आकर्षक महोत्सव में बाबा खाटूश्याम और श्री रामलला के साथ साँवलिया सेठ के भजनों पर भक्त झुमते नजर आए। फाग महोत्सव के पश्चात जगत सेठ की आरती कर प्रसाद वितरित किया गया।



