– परिजनों ने विधायक के साथ ही मुख्यमंंत्री के प्रति जताया आभार
जावरा। जावरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सिविल हॉस्पिटल जावरा में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के कूल्हे की हड्डी का सफल ऑपरेशन किया गया। आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अजय सिंह राठौर ने ऑपरेशन कर कूल्हे की टूटी हुई हड्डी को रॉड एवं प्लेट की मदद से फिक्स किया।
प्रभारी सुपरवाइजर शैलेन्द्र कुमार दवे ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के सतत प्रयासों से सिविल हॉस्पिटल जावरा में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रतलाम डॉ. किरण वाडिवा के मार्गदर्शन एवं सिविल हॉस्पिटल जावरा प्रभारी डॉ. दीपक पालडिय़ा के निर्देशन में यह सफल ऑपरेशन किया गया।
टूटी हड्डी को रॉड व प्लेट लगाकर किया फिक्स –
जानकारी के अनुसार प्रेमकुंवर बाई, पति नाहर सिंह, निवासी सुजापुर, घर में फिसलने के कारण गिर गई थीं, जिससे उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई थी। परिजनों ने उन्हें 3 अगस्त को सिविल हॉस्पिटल जावरा में भर्ती कराया। जांच के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अजय सिंह राठौर ने सफलतापूर्वक सर्जरी करते हुए कूल्हे की टूटी हड्डी को रॉड एवं प्लेट लगाकर फिक्स किया। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थेटिक सर्जन डॉ. दिनेश पाटीदार भी मौजूद रहे। ऑपरेशन टीम में ओटी सहायक भरत बिड़वान, अनिल बैरागी एवं ऋतुराज सिंह ने सहयोग प्रदान किया। खास बात यह रही कि प्रेमकुंवर बाई के पास आयुष्मान कार्ड होने के कारण सिविल हॉस्पिटल द्वारा उपचार एवं ऑपरेशन की सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं।
पूर्व में भी हो चुकी हैं जटिल सर्जरी –
उल्लेखनीय है कि आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अजय सिंह राठौर द्वारा पूर्व में भी सिविल हॉस्पिटल जावरा में कई जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। बुजुर्ग महिला के सफल ऑपरेशन के बाद परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय एवं ऑपरेशन करने वाली चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया। यह सफल ऑपरेशन जावरा के सरकारी अस्पताल में उपलब्ध हो रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

