– 400-500 CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर पुलिस ने 7 दिन में सुलझाई वारदात, दो विधि विरुद्ध बालक भी अभिरक्षा में
रतलाम। रतलाम पुलिस ने नकबजनी की एक सनसनीखेज वारदात का महज सात दिनों में खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना स्टेशन रोड पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये कीमत की 3 किलो चांदी की ज्वेलरी, 72 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
दुकान बंद होने के बाद दिया था वारदात को अंजाम –
मामला महू रोड स्थित लावण्या पैलेस के सामने संचालित डिजाइन सरमाईका सेनेटरी दुकान का है। दुकान संचालक के कैबिन में ऑनलाइन चांदी की खरीदी-बिक्री का व्यवसाय भी किया जाता था। 13 नवंबर की शाम दुकान बंद कर संचालक घर चला गया था। इसके बाद रात करीब 2.45 बजे दो नकाबपोश बदमाश दुकान में घुसे और चांदी की ज्वेलरी के दो बॉक्स, तिजोरी में रखी नकदी, क्रेडिट-डेबिट कार्ड एवं अन्य दस्तावेज चोरी कर फरार हो गए। अगली सुबह चोरी का पता चलने पर फरियादी हर्षल गांधी ने थाना स्टेशन रोड में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
500 CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस –
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर करीब 30 किलोमीटर के दायरे में लगभग 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साइबर सेल के तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को राहुल गुण्डिया और राहुल बारिया पर संदेह हुआ। जांच में सामने आया कि दोनों विरियाखेड़ी क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे, लेकिन वारदात के बाद अचानक गायब हो गए थे। लगातार तलाश के बाद 20 नवंबर को पुलिस ने दोनों को विरियाखेड़ी क्षेत्र से पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने दो अन्य नाबालिग साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
ये सामान हुआ बरामद –
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 किलो चांदी की ज्वेलरी, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये है, और 72 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने मामले मे राहुल पिता थावरिया गुण्डिया (23), निवासी ग्राम मरदानी, जिला झाबुआ तथा राहुल पिता वरसिंह बारिया (24) निवासी ग्राम पलसोडी, जिला रतलाम को गिरफतार किया हैं। इसके साथ ही दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका –
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम सहित स्टेशन रोड थाना पुलिस, साइबर सेल, सीसीआर टीम एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
रतलाम में 12 लाख की चांदी चोरी का खुलासा, 7 दिन में दो आरोपी गिरफ्तार
Shailendra Singh
शैलेन्द्र सिंह चौहान | Chief Editor – Jaora Headlines शैलेन्द्र सिंह चौहान, Jaora Headlines के चीफ एडिटर हैं। वे जावरा, रतलाम एवं मध्यप्रदेश की स्थानीय, राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, शैक्षणिक और अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। Jaora Headlines के माध्यम से निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देना उनका उद्देश्य है। स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता देना, जनहित के मुद्दों को उठाना और क्षेत्र की सकारात्मक उपलब्धियों को डिजिटल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। Jaora Headlines – जावरा की आवाज़, हर खबर पर नज़र।

