– अतिथि शिक्षक समन्वय समिति ने मुख्यमंत्री के नाम जावरा एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जावरा। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने विधानसभा चुनाव से पूर्व अतिथि शिक्षकों की पंचायत में अतिथि शिक्षकों को लेकर घोषणाएं की थी, जो आज तक पूर्ण नहीं हो पाई हैं। जिसके चलते अतिथि शिक्षकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से अतिथि शिक्षक समन्वय समिति ने प्रदेश के 72 हजार 500 अतिथि शिक्षकों की समस्याओं को दूर करने और पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को पूर्ण करने की मांग को लेकर सोमवार को अनुविभागीय अधिकारी राधा महंत को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिलाध्यक्ष केके सैनी, पंकज सोलंकी, तरूण शर्मा आदि के साथ बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक मौजुद रहे।
इन मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन –
– पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणानुसार शिक्षा गारंटी गुरुजियों की भांति विभागीय पात्रता परीक्षा, वर्तमान शिक्षक भर्ती में पचास प्रतिशत आरक्षण, वार्षिक अनुबंध और अधिकतम कार्य दिवसों के आधार पर बोनस अंक दिए जाने के आदेश जारी किए जाएं।
– कार्यानुभवी अतिथि शिक्षकों के नए स्कोर कार्ड में 10 अंक प्रति सत्र के हिसाब से अधिकतम वर्षों के अनुभव के अंक जोड़ें जाएं ।
– स्कोर कार्ड में 2018, 2023 पात्रता परीक्षा पास के साथ 2005, 2008 और 2011 वालों की जानकारी भी दर्ज कराई जाये ।
– 30 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम वाले अतिथि शिक्षकों को एक अवसर और दिया जाये ।
– विगत महीनों का लंबित भुगतान शीघ्र कराते हुए प्रतिमाह मानदेय भुगतान की व्यवस्था की जाये।
– अतिथि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में अधिकतम कार्य दिवसों के आधार पर अनुभवी अतिथि शिक्षकों को वरीयता देते हुए विगत सत्र में कार्यरत अतिथि शिक्षकों को अधिकतम अनुभव के आधार पर यथावत रखा जाये।
– नवीन पंजीयन बंद करके सीधी भर्ती प्रमोशन और ट्रांसफर से बाहर हुए अनुभवी अतिथि शिक्षकों को रिक्त पदों पर सेवा का अवसर दिया जाय।


