– ट्रक ऑनर एसोसिएशन, ड्राईवर युनियन और ऑटो युनियन ने भी दिया बंद को समर्थन, सौंपे राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
– सोमवार को दिन भर में शहर नहीं चले ऑटो मिनीडोर, कई यात्री हुए परेशान
जावरा। केंद्र सरकार द्वारा मोटरव्हीकल एक्ट में किए गए प्रावधान के विरोध में जिले भर के चालकों ने 1 जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ कर दी है। हड़ताल को ट्रक ऑनर एसोसिएशन, ड्राईवर युनियन और ऑटो युनियन ने भी समर्थन देते हुए काला कानुन वापस लिए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे। ज्ञापन के से पहले कुछ देर चालकों ने फोरलेन पर प्रदर्शन करते हुए फोरलेन पर जाम लगा दिया। शहर में दिन भर ऑटो मिनीडोर चालक भी हड़ताल पर रहे, जिसके चलते दिन भर शहर के कई यात्री परेशान रहे।
रतलाम जिला परिवहन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष विलियम डेनियल (गोलू) तथा ट्रक आनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष असलम मेव, ऑटो युनियन अध्यक्ष फिरोज काजी और ड्राईवर युनियन पदाधिकारियों के साथ मौजुद सैकड़ों वाहन चालकों ने राष्ट्रपति के नाम काले कानून वापस लेने की मांग को लेकर एसडीएम अनिल भाना को ज्ञापन सौपे। ट्रक ऑनर एसोसिएशन अध्यक्ष असलम मेव ने बताया कि वे कानून का विरोध कर रहे है, लेकिन गांधीवादी तरीके से, सोमवार को एक दिन की हड़ताल की है, आगे चरणबद्ध आदोलन जारी रहेगा। हड़ताल को आगे बढ़ाने या कितने दिनों तक करना है, इसकी फैसला अभी नहीं हुआ है। लेकिन जब तक यह काला कानून वापस नहीं होता है तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बसों की हडताल अनिश्चितकालीन –
रतलाम जिला परिवहन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष विलियम डेनियल (गोलू) ने बताया कि यात्री बसों की हड़ताल अनिश्चितकालीन है, जब तक सरकार मोटर व्हीकल एक्ट में किए नए प्रावधानों को वापस नहीं लेती है तब तक बस चालकों की हडताल जारी रहेगी।



