– फखरी स्काउट बैंड की देशभक्ति धुनों के साथ निकला जुलूस, बच्चों ने दिया शांति, सद्भाव, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जावरा। दाऊदी बोहरा समाज ने सोमवार को पैगंबर हजरत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के जन्मदिवस मिलादुन्नबी को अकीदत और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर अंजुमन-ए-बुरहानी के नेतृत्व में भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें समाजजनों के साथ बच्चों और स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जुलूस सुबह करीब 9.30 बजे बोहरा बाखल स्थित वजीही मस्जिद से प्रारंभ हुआ। जुलूस की सदारत आमील साहब शेख अली असगर बुरहानपुर वाला एवं शेख सैफुद्दीन मोरबी वाला ने की। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुन: बोहरा बाखल पहुंचकर संपन्न हुआ।
देशभक्ति की धुनों के साथ निकला जुलूस –
जुलूस की अगवानी फखरी स्काउट बैंड ने की। बैंड द्वारा देशभक्ति गीतों, राष्ट्रगीत एवं सामाजिक संदेशों से जुड़ी धुनें प्रस्तुत की गईं। इससे पूरे जुलूस में देशप्रेम और सामाजिक सद्भाव का संदेश देखने को मिला। वहीं मदरसा सफदरिया के बच्चों ने विभिन्न वेशभूषाओं के माध्यम से देशभक्ति, स्वच्छता, जल संरक्षण, अन्न की बर्बादी रोकने तथा शांति और सद्भाव का संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुतियां जुलूस में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।
बुरहानी गार्ड्स और पुलिस ने संभाली व्यवस्था –
जुलूस की सुचारु व्यवस्था के लिए समाज के स्वयंसेवकों बुरहानी गार्ड्स के साथ पुलिस प्रशासन ने भी व्यवस्थाएं संभालीं। यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि जुलूस के दौरान स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जुलूस का शहर में विभिन्न समाजों, संस्थाओं, राजनीतिक दलों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा जगह-जगह स्वागत किया गया। इससे आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सद्भाव की भावना मजबूत होती दिखाई दी।
पैगंबर की शिक्षाएं मानवता और करुणा का संदेश देती हैं –
समाज समन्वयक मुर्तजा मिठाईवाला ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) का जीवन उनकी शिक्षाओं, करुणा, न्याय और इंसानियत के मूल्यों पर आधारित है। उनकी शिक्षाएं आज भी सभी के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि मिलादुन्नबी हमें उनकी शिक्षाओं पर अमल करने तथा देश और समाज में सकारात्मक योगदान देने वाला जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के अंत में समाज के सचिव मुस्तफा तेलवाला ने सभी समाजजनों, अतिथियों, प्रशासन एवं सहयोग करने वाले नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

