– जनकल्याण शिविर में उमड़ी भीड़, विधायक बोले- योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे
जावरा। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जावरा नगर पालिका परिसर में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले ही दिन बड़ी संख्या में नागरिकों और हितग्राहियों की भीड़ देखने को मिली। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद इससे वंचित न रहे।
मोदी सरकार के 12 वर्ष देश के विकास के स्वर्णिम वर्ष : विधायक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, अधोसंरचना, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। मध्यप्रदेश में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आमजन के हित में अनेक योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविर आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का त्वरित और गंभीरता से निराकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
19 विभागों के स्टॉल पर मिल रही योजनाओं की जानकारी –
12 से 14 जून तक चलने वाले इस तीन दिवसीय शिविर में अनुभाग जावरा के 19 विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर नागरिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और पात्रता संबंधी जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी मौके पर दिया जा रहा है। शिविर में राजस्व, पंचायत, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, शिक्षा, नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और समाधान की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस से योग दिवस तक विशेष अभियान –
अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सुनील जायसवाल ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून तक विशेष जनकल्याण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा जरूरतमंद लोगों को अधिकतम लाभ दिलाना है।
विधायक ने किया स्टॉलों का निरीक्षण –
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। विधायक ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि आमजन को योजनाओं का लाभ देने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
मध्यान्ह भोजन रसोइयों की प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र –
जनकल्याण शिविर के दौरान जावरा एवं पिपलौदा जनपद पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत प्रधानमंत्री पोषण आहार योजना से जुड़ी मध्यान्ह भोजन रसोइयों की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की रसोइयों ने स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन प्रस्तुत किए। विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने व्यंजनों का स्वाद चखकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके कार्यों की सराहना की।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद –
शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई चन्द्रवंशी, जिला महामंत्री महेश सोनी, जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि हरिओम शाह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अनम कडपा, मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, मांगीलाल पांचाल, राजेन्द्र सिंह देवड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर पालिका सीएमओ चंद्रशेखर सोनिस, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, एल्डरमेन मनोहर पांचाल, अजय सकलेचा, पार्षद शिवेन्द्र माथुर, तेजसिंह कदम, राजेश धाकड़, दशरथ कसानिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सांदीपनि विद्यालय के उप प्राचार्य संजय श्रीवास्तव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन तहसीलदार सहदेव मौरे ने व्यक्त किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

