जावरा। लोकसभा में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला कलेक्टर के आदेश पर विकलांग मतदाता सम्मेलन का आयोजन महिला बाल विकास विभाग द्वारा किया गया। मतदाता जागरुकता हेतु प्रतिदिन स्वीप प्लान गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में जिला कार्यक्रम अधिकारी रजनीश सिन्हा व सहायक स्वीप नोडल सुश्री अंकिता पंड्या के मार्गदर्शन में शुक्रवार को विकलांग मतदाता सम्मेलन व कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ विनायक गार्डन से किया गया जो जावरा के मुख्य मार्ग से होते हुए निकली। यात्रा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका व महिला मतदाता, मतदाता जागरूकता के नारे लगाते हुए चल रही थी।
यात्रा का समापन वन स्टॉप सेंटर महिला बाल विकास विभाग के कार्यालय में हुआ। जहां परियोजना अधिकारी अंकिता पाटीदार व अरविंद पांडे द्वारा विकलांग मतदाताओं का फूल माला से स्वागत कर अनिवार्य मतदान की अपील की गई। पर्यवेक्षक सीमा कुरैशी व पंकज राणावत ने सभी को मतदान करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मध्य प्रदेश विकलांग मंच शाखा रतलाम ब्लॉक जावरा के अध्यक्ष प्रकाश डाबी, सचिव मुजफ्फर छिपा, मुकेश, भेरुलाल, वाहिद, जफर, ललित आदि उपस्थित रहे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

