– शासकीय स्कूलों के पास देह व्यापार व अवैध शराब पर लगेगा पूर्ण विराम, 15 दिन में कार्रवाई का अल्टीमेटम
जावरा। विधानसभा अंतर्गत माननखेड़ा चौकी पर करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर के नेतृत्व में ग्रामवासियों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर शांतिपूर्ण लेकिन सशक्त घेराव किया। घेराव के दबाव में प्रशासन ने सभी मांगों को गंभीरता से स्वीकार करते हुए ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शुक्रवार को करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर के नेतृत्व में पिपलिया जोधा से माननखेड़ा चौकी तक ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पैदल मार्च किया। मार्च में ग्रामीण हाथों में तख्तियां लेकर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश प्रकट करते नजर आए। चौकी परिसर में धरना दिया गया, जहां ग्राम पिपलिया जोधा में स्कूल और घरों के समीप चल रहे देह व्यापार के अड्डों को हटाने की मांग की ।
मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा –
धरना स्थल पर करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर एवं ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार वैभव जैन को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सीएसपी युवराजसिंह चौहान, एसडीओपी संदीप मालवीय, औद्योगिक क्षैत्र जावरा थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान, चौकी प्रभारी राजेश मालवीय, ढोढर चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी के साथ बड़ी संख्या में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजुद रहे।
प्रशासन को दिया 15 दिन का अल्टीमेटम –
ज्ञापन के बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया कि शासकीय विद्यालयों के आसपास संचालित देह व्यापार एवं अवैध शराब कारोबार पूर्णत: बंद किया जाएगा। क्षेत्र में स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना की जाएगी। देह व्यापार में संलिप्त लोगों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्राम पंचायत द्वारा लगाए गए सभी सीसीटीवी कैमरे शीघ्र सक्रिय किए जाएंगे, साथ ही आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कैमरे भी लगाए जाएंगे। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि 15 दिवस के भीतर सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में पुन: उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

