– 5 वर्षों में 80 करोड़ से अधिक की स्वीकृतियां, ढोढर-सुजापुर में बालिका छात्रावास जल्द होंगे शुरू
– विधानसभा में विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रश्न पर सरकार ने दी जानकारी, कई विकास कार्यों को मिली मंजूरी
जावरा/भोपाल। जावरा और पिपलौदा विधानसभा क्षेत्र के शिक्षा क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रदेश सरकार ने जर्जर विद्यालयों के निर्माण, छात्रावास, विज्ञान प्रयोगशालाओं, कम्ंप्यूटर कक्षों और खेल मैदानों सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणाओं पर भी तेजी से अमल शुरू हो गया है।
5 वर्षों में 80 करोड़ से अधिक की स्वीकृतियां –
विधानसभा में विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में जावरा विधानसभा क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों के विकास के लिए लगभग 80 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृतियां दी गई हैं। मंत्री ने बताया कि जावरा एवं पिपलौदा के सांदीपनि विद्यालयों के साथ-साथ जर्जर स्कूल भवनों के निर्माण एवं उन्नयन को मंजूरी दी गई है। ग्राम उणी में नए प्राथमिक विद्यालय की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा 2 प्राथमिक विद्यालय, 2 माध्यमिक विद्यालय, 24 बालिका शौचालय, 7 हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में कंप्यूटर कक्ष, विज्ञान प्रयोगशालाएं तथा खेल मैदान निर्माण के कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं।
ढोढर सुजापुर बालिका छात्रावास के लिए मिला बजट, जल्द होगा निर्माण –
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जावरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ढोढर और सुजापुर में बालिका छात्रावास निर्माण की घोषणा की गई थी। सरकार ने इन दोनों छात्रावासों के लिए बजट उपलब्ध करा दिया है और डीपीआर सहित अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं जारी हैं। वहीं पिपलौदा में दिव्यांग छात्रावास निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
जिले का 4 लाख हैक्टेयर रकबा ऑनलाईन दर्ज –
इसी दौरान विधायक डॉ. पांडेय के एक अन्य प्रश्न के उत्तर में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने बताया कि जिले का कुल राजस्व रकबा 4 लाख 86 हजार 967 हेक्टेयर ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज किया जा चुका है। पिछले पांच वर्षों में राजस्व रिकॉर्ड से संबंधित 3 लाख 65 हजार आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1 लाख 16 हजार खसरा नकल तथा 1 लाख नामांतरण के आवेदन शामिल हैं।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

