– विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने नवाचार और रचनात्मकता का दिया परिचय
जावरा। गुरु हमें जीवन की सही दिशा प्रदान करता है। विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं होता, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने का भी महत्वपूर्ण माध्यम होता है। गुरु के मार्गदर्शन पर चलकर ही लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
ये विचार श्री माधवानंद एकेडमी में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी एवं पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि, सरदार पटेल हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर के डायरेक्टर डॉ. रोहित पटेल ने व्यक्त किए। डॉ. रोहित पटेल ने कहा कि इसी विद्यालय से शिक्षा ग्रहण करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विज्ञान मॉडलों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में निरंतर नवाचार के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. ऋषिकांत ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडल एवं चार्ट अत्यंत सुंदर, उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। कार्यक्रम में प्रेम बनोपा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत शिक्षण समिति अध्यक्ष मनोहरलाल पांचाल, राजेंद्र श्रोत्रिय, उषा श्रोत्रिय, मनीष शर्मा एवं बाबूलाल पांचाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन भारत चारोडीया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मनोहर पांचाल ने किया। समारोह के अंत में अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

