– सुबह से लेकर रात तक ठिठुरा शहर, लोगों ने दुकानों के बाहर जलाए अलाव
– कर्म कपड़ों के सहारे आम जनता ने गुजारा दिन, आने वाले दिनों में बारिश के साथ शीत लहर के आसार
जावरा। साल 2024 शुरु होने के साथ ही ठंड ने भी अपना कहर दिखाना शुरु कर दिया है। जनवरी माह के पहले और दुसरे दिन की सुबह कोहरे के आगोश में हुई। दिन भर आसमान में बादल छाए रहे, साथ ही कोहरे के चलते मौसम में ठंडक घुली रही। मंगलवार की सुबह भी घना कोहरा छाया रहा, विजीबिलिट शून्य हो गई। वाहन चालकों के साथ ही सुबह मार्निंग वॉक पर जाने वाले पैदल यात्रियों को भी सामने की वस्तु नजर नहीं आ रही थी। जिसके चलते फोरलेन पर सुबह वाहनों को हेड लाईट जलाकर निकलना पड़ा। वहीं बादल और कोहरे के चलते दिन के पारे में भी गिरावट आई। लोगों को दिन में भी गर्म कपडें और अलाव का सहारा लेकर दिन काटना पड़ा।
नपा नही डाल रही अलाव –
सर्द मौसम में नगर पालिका शहर के कई सार्वजनिक स्थानों और चौराहों पर लोगों को सर्द मौसम से निजात दिलाने अलाव डालती है, लेकिन इस बार जनवरी माह शुरु हो गया है वहीं सर्दी भी अपने पुरे शबाब है और पारा भी अब तक के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया है। वहीं मौसम विभाग ने भी आने दिनों में शीत लहर के साथ मावठा और ओलावृष्टि की आशंका जताई है, ऐसे में नगर पालिका ने अब तक शहर के चौराहे और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की है। रहवासियों ने नपा से अलाव डालकर उन्है सर्द मौसम से बचाव की गुहार लगाई है।