– विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय बोले— किसानों के हित में सरकार गंभीर, क्षेत्र में मंडियों के विस्तार से हजारों किसानों को मिलेगा लाभ
जावरा/कालूखेड़ा। जावरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए शुक्रवार को एक बड़ी सौगात मिली। कालूखेड़ा उप मंडी का शुभारंभ विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। उप मंडी शुरू होने के साथ ही किसानों और व्यापारियों में उत्साह देखने को मिला तथा पहले ही दिन करीब 1500 बोरी कृषि उपज की आवक दर्ज की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को लेकर गंभीर है और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जावरा विधानसभा क्षेत्र में किसानों के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं, जिनका लाभ हजारों कृषकों को मिल रहा है।
स्व. कालूखेड़ा की प्रतिमा पर किया माल्यापर्ण –
कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों ने पूर्व कृषि मंत्री स्वर्गीय महेंद्र सिंह कालूखेड़ा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मंडी परिसर में आयोजित समारोह में व्यापारियों एवं किसानों ने अतिथियों का स्वागत किया। व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष विनोद दख, नितेश भंडारी सहित विभिन्न व्यापारियों और किसानों ने अतिथियों का अभिनंदन किया।
ढोढर में भी शुरु हुआ हाट बाजार –
विधायक डॉ. पांडेय ने अपने संबोधन में बताया कि अरनिया पीथा मंडी, खाचरोद नाका फल-फूल एवं सब्जी मंडी, उप मंडी पिपलौदा और सुखेड़ा को प्रारंभ किया जा चुका है। इसके अलावा हाल ही में ढोढर हाट बाजार को भी शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मंडियों के विकास एवं किसानों को बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर सहयोग कर रही है।
अब नहीं जाना होगा दूर –
विशेष अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के.के. सिंह कालूखेड़ा ने कहा कि उप मंडी के प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय की बचत होगी और किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य भी समय पर मिल सकेगा।
32 व्यापारियों को प्रदान किए लायसेंस –
इस अवसर पर 32 व्यापारियों को मंडी लाइसेंस भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री महेश सोनी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कानसिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष रितेश जैन, महामंत्री कैलाश बारोड़, घनश्याम बैरागी, बद्रीलाल शर्मा, रतन लाकड़, शिवेंद्र माथुर, चंद्रप्रकाश ओस्तवाल, देवेंद्र शर्मा, दिलीप शाकल्य सहित बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
1500 बोरी आवक, अच्छे मिले दाम –
कार्यक्रम के बाद शुभ मुहूर्त में कृषि उपज की नीलामी भी की गई। जिसमें करीब 1500 बोरी की आवक हुई। नीलामी में गेहूं 5100 रुपये, लहसुन 41,000 रुपये, अलसी 9,000 रुपये, खसखस 1,16,000 रुपये, डॉलर चना 11,000 रुपये तथा धनिया 17,000 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका। कार्यक्रम का संचालन व्यापारी एसोसिएशन के सचिव मुकेश धुतार ने किया। आभार मंडी सचिव आरएस वसुनिया ने माना।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

