– विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के सतत प्रयासों से विकास कार्यों को मिली मंज़ूरी
जावरा। ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जावरा विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर विकास की बड़ी सौगात मिली है। विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के निरंतर प्रयासों से क्षेत्र में 62 लाख रुपये की लागत से तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन स्वीकृतियों से ग्रामीण अंचलों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
विधायक डॉ. पांडेय द्वारा क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सुनियोजित ढंग से प्रस्ताव तैयार कराए जाते हैं और जब तक स्वीकृति नहीं मिलती, तब तक प्रयास अनवरत जारी रहते हैं। इसी सतत प्रयासों का परिणाम है कि बीते दिनों जावरा विधानसभा क्षेत्र को लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों की स्वीकृतियाँ प्राप्त हुई थीं। इन स्वीकृत कार्यों में ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिया निर्माण, पर्यटन स्थलों का विकास, ग्रामों में सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक शेड, विभिन्न विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएँ एवं अन्य आवश्यक संसाधन शामिल हैं। विकास की यह श्रृंखला लगातार आगे बढ़ रही है।
ताजा स्वीकृतियों के अंतर्गत —
ग्राम मुंडला में मन्याखेड़ी मार्ग पर पिंगला नदी पर पुलिया निर्माण, ग्राम नन्दावता में पर्यटन स्थल पहाड़ी पर सामुदायिक भवन निर्माण, ग्राम झालवा में मांगलिक भवन के समीप सांस्कृतिक शेड निर्माण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी क्षेत्र को लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से ग्रामीण विकास एवं शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सौगातें मिल चुकी हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में व्यापक प्रसन्नता है। इन स्वीकृतियों पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल तथा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

