– प्रदर्शन के बाद पुलिस ने गुड्डू पहलवान, पत्नी और बेटी पर दर्ज किया प्रकरण
– ज्ञापन के बाद सीएसपी कार्यालय से थाने पहुंचे कार्यकर्ता
– मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने और पुजारी की सुरक्षा की भी मांग
जावरा। शहर के हनुमान गंज स्थित काल भैरव मंदिर के पुजारी को कथित रूप से जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला शुक्रवार को गरमा गया। इस मामले को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सुबह सीएसपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पुजारी को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मंदिर परिसर के आसपास किए गए कथित अतिक्रमण को हटाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि काल भैरव मंदिर के पुजारी नंदकिशोर माली पिछले कई वर्षों से मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। आरोप है कि मंदिर के समीप रहने वाले गुड्डू पहलवान एवं उनके परिवार द्वारा मंदिर परिसर के पास गंदगी की जाती है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती है और अक्सर विवाद की स्थिति बनती है। ज्ञापन के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को पुजारी जब मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो आरोपियों ने कथित रूप से मंदिर बंद कराने, पूजा नहीं करने देने, जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। साथ ही आरोप लगाया गया कि परिवार की महिलाओं ने लाठियां दिखाकर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी, जिससे पुजारी परिवार भयभीत है।
प्रदर्शन के बाद दर्ज हुई एफआईआर –
ज्ञापन सौंपने के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता सीधे शहर थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तत्काल प्रकरण दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। इसके बाद पुलिस ने शिकायत और हिंदू संगठनों द्वारा कार्रवाई की मांग के बाद शहर थाना जावरा पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी गुड्डू पहलवान, उसकी पत्नी रशीदा और बेटी सोनू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 296(बी), 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
पुजारी के लिए सुरक्षा की मांग –
हिंदू संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि पुजारी को सुरक्षा प्रदान की जाए, मंदिर परिसर के पास हुए कथित अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए तथा शहर की शांति भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो सर्व हिंदू समाज आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के संबंध में आरोपियों का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

