– राकोदा-माऊखेड़ी-रियावन-कालूखेड़ा और मावता-रियावन-बड़ायला माताजी मार्ग का होगा निर्माण, टेंडर प्रक्रिया शुरू
जावरा। जावरा विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के लगातार प्रयासों से क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों के लिए 56 करोड़ 50 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है और आगामी दिनों में निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
विधायक डॉ. पांडेय लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के बाद इन परियोजनाओं को मंजूरी दिलाने के लिए किए गए प्रयास सफल रहे।
इन दो प्रमुख सड़कों का होगा निर्माण –
स्वीकृत हुए दो सड़क मार्गो में पहला 20 किलोमीटर लंबा राकोदा-माऊखेड़ी-रियावन-कालूखेड़ा मार्ग तथा दूसरा 9.50 किलोमीटर लंबा मावता-रियावन-बड़ायला माताजी पहुंच मार्ग शामिल हैं। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने विधायक डॉ. पांडेय को जानकारी देते हुए बताया कि दोनों परियोजनाओं की प्रशासकीय स्वीकृति जारी हो चुकी है और टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जल्द ही निर्माण कार्य धरातल पर दिखाई देगा।
20 करोड़ से अधिक के 5 अन्य सड़कों के प्रस्ताव शासन को भेजे –
विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने कहा कि जावरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि लगभग 20 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 5 अन्य प्रमुख सड़क मार्गों के प्रस्ताव भी शासन को भेजे गए हैं, जिनकी स्वीकृति भी शीघ्र मिलने की उम्मीद है। दोनों सड़क परियोजनाओं की मंजूरी मिलने पर विधायक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

