– अनुपस्थित मिले कृषि विभाग एसएडीओ और जनपद सहायक यंत्री
पिपलौदा। जिला कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने जावरा तथा पिपलौदा में तहसील मुख्यालय पहुचकर अलग अलग कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। जहां कलेक्टर ने सबसे पहले तहसील कार्यालय पर पंहुचकर कानूनगो शाखा, नाजि़र शाखा, रीडर शाखा एवं कार्यालय के रिकॉर्ड रूम का अवलोकन किया। जिसके बाद नायब तहसीलदार व तहसीलदार न्यायालय का निरीक्षण किया। इसके साथ ही प्रचलित प्रकरणों का अवलोकन किया तथा प्रकरणों को समय सीमा में निराकृत करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान पटवारी प्रतिवेदन के कारण लंबित प्रकरणो में शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही सीमांकन आवेदनों का तय समय सीमा में निराकरण करने की विशेष हिदायत दी।
सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र पहुंचे कलेक्टर –
तहसील व राजस्व विभाग का निरीक्षण कर कलेक्टर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निरीक्षण करने पहुचे। जहा स्वास्थ्य केंद्र पर निरीक्षण के दौरान अस्पताल की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए एसडीएम को निर्देश दिए। जहा खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ पवन पाटीदार ने कलेक्टर को अवगत कराया कि क्षेत्र में पिछले दो महीने से डॉग बाईट के प्रकरण तेजी से बढ़ रहे है। जिस पर कलेक्टर द्वारा सीएमओ पिपलौदा को जल्द ही कुत्तो को पकड़कर अन्यत्र छुड़वाने के निर्देश देना बताया।
नदारत मिले जनपद सहायक यंत्री –
अस्पताल के बाद कलेक्टर जनपद कार्यालय पहुचे। जहा नरेगा शाखा, जन्म-मृत्यु शाखा,पीएम आवास शाखा का निरीक्षण किया। जिसके बाद सहायक यंत्री कक्ष पहुचे। जहा सहायक यंत्री नदारद मिले। साथ ही कक्ष में धूल लगी एक 15 दिन पुरानी शादी की पत्रिका टेबल पर पड़ी देख कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की तथा सीईओ बी.एस.नलवाया को सहायक यंत्री के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कृषि एसएडीओ भी रहे नदारत –
कलेक्टर लाक्षाकार ने कृषि विभाग कार्यालय का निरीक्षण करने पहुचे। जहा एसएडीओ अलावा नदारद मिले। जानकारी में कलेक्टर लाक्षाकार को कर्मचारी ने एसएडीओ अलावा का विकसित भारत संकल्प यात्रा में होना बताया। जिस पर कलेक्टर लाक्षाकार ने कर्मचारी के मोबाइल से ही एसएडीओ अलावा से कॉल पर बात की। कॉल पर अलावा ने स्वयं को रतलाम होना बताया। जब कलेक्टर ने कॉल पर कार्यालय सम्बन्धी जानकारी लेना चाही तब अलावा ने कोई जवाब ना देते हुए कॉल काट दिया । जिसके बाद कलेक्टर श्री लाक्षाकार ने कर्मचारी से ही कार्यालय सम्बन्धी जानकारी ली।



