– लाखों जायरीनों के आगमन को देखते हुए प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा, पेयजल, बिजली, सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस
जावरा। विश्वप्रसिद्ध हुसेन टेकरी पर 25 जुलाई से 4 अगस्त तक आयोजित होने वाले चेहल्लुम को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। देश-विदेश से आने वाले लाखों जायरीनों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीएम रचना शर्मा ने बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में तहसीलदार सहदेव मोरे, नायब तहसीलदार वैभव जैन , विद्युत विभाग के एम् यु खान , नगर पालिका सीऍमओ चंद्रशेखर सोनिस , लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एसडीओ किरण जमरा, ओद्योगिक शेत्र थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया जनपद पंचायत तथा हुसेन टेकरी प्रशासन के कार्यपालन अधिकारी अब्दुल हकीम खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बारिश के चलते लगाए डोम, मिले स्वच्छ पेयजल –
एसडीएम रचना शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चेहल्लुम के दौरान किसी भी जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। संभावित बारिश को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त डोम और टेंट की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, जल निकासी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई।
सीसीटीवी के माध्यम से होगी निगरानी –
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पूरे आयोजन क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। वहीं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है। हुसेन टेकरी प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
आग पर मातम 3 अगस्त को रात में –
गौरतलब है कि विश्वप्रसिद्ध हुसेन टेकरी पर चेहल्लुम पर्व 25 जुलाई से 4 अगस्त तक आयोजित होगा। इस दौरान देश-विदेश से लाखों जायरीन जावरा पहुंचेंगे। 10 दिनी इस चेहल्लुम का सबसे प्रमुख आकर्षण परंपरागत आग का मातम (चूल) होता हैं। जो कि इस वर्ष 3 अगस्त की रात्रि 10 बजे होगा। बैठक के बाद एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ हुसेन टेकरी स्थित चूल (आग का मातम) स्थल एवं विभिन्न पड़ाव स्थलों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश दिए और समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

