– यातायात, पार्किंग, कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस, पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जावरा। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हुसैन टैकरी पर जारी दस दिवसीय चेहल्लुम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार शनिवार को हुसैन टेकरी पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने हुसैन टेकरी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार और समन्वय के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश –
निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि चेहल्लुम के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी रखी जाए। एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और प्रवेश-निकास बिंदुओं पर विशेष पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर –
पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक एवं अफवाहजनक सूचनाओं पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहे तथा सूचना तंत्र को सक्रिय रखा जाए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता –
एसपी अमित कुमार ने कहा कि चेहल्लुम के दौरान जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। रतलाम पुलिस लगातार सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रही है और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल सहित अन्य संसाधनों की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हो सकें। इस दौरान एएसपी विवेककुमार लाल, सीएसपी युवराजसिंह चौहान, डीएसपी प्रकाश गाडरिया, हुसैन टैकरी ईओ अब्दुल हकीम खान सहित हुसैन टैकरी प्रशासन के सदस्य उपस्थित रहे।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

