श्री अकेला हनुमान मंदिर पर भजन संध्या 12 को, महाआरती के बाद होगा भंडार
जावरा। शुगर मिल प्रांगण स्थित श्री अकेला हनुमान मंदिर पर हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में 12 अप्रैल को भजन संध्या व महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। महाआरती के पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे। इस दिन मंदिर को विभिन्न प्रकार के फूलों व पुष्प मालाओं से सजाया जाएगा। साथ ही बालाजी महाराज की प्रतिमा का भी आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। अंजनी के लाल के जन्मोत्सव के अवसर पर यहां आयोजित भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक राहुल परिहार द्वारा साउंड सिस्टम की धुन पर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। जिनका रसपान करने आसपास के श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंचेंगे।
इसके बाद शाम 7 बजे बजरंग बली को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाकर महाआरती की जाएगी। महाआरती के बाद बड़े पैमाने पर भंडारा प्रारम्भ होगा। जिसमें नागरिक प्रसाद ग्रहण करेंगे। समिति पदाधिकारियों के अनुसार कोरोना काल को छोड़ यह आयोजन पिछले करीबन 12 वर्षो से निर्बाध रूप से जारी है। खास बात यह है कि इतने बड़े कार्यक्रम के लिए समिति को चंदा एकत्रित करने के लिए भटकना नहीं पड़ता है। लोग स्वेच्छा से नगद राशि व खाद्य सामग्री सहयोग के रूप में प्रदान कर आयोजन में भी सहभागिता करते हैं। जनसहयोग के बूते श्री अकेला हनुमान सेवा समिति हर वर्ष हनुमान जयंती के अवसर पर सफलतापूर्वक कार्यक्रम सम्पन्न करती हैं।



