– रविवार को पुलिस और प्रशासन ने नपा अमले के साथ मिलकर की कार्रवाई
– जुना कबाड़ा और अरब साहब कॉलोनी में बनी पुलिस छावनी
– कार्रवाई के दौरान महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के साथ की झुमा झटकी
जावरा। शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल श्री जागनाथ महादेव मंदिर परिसर में गाय के बछड़े का सिर काटकर डालकर जावरा की फिज़ा में ज़हर घोलने वाले आरोपियों के मकानों पर पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मकानों पर बुलडोज़र चलाया। मंदिर में फेंकने के लिए बछड़े का सिर आरोपी शाकीर और सलमान को देने वाले शाहरुख और गौ हत्या करने वाले नौशाद के मकानों पर रविवार को दोपहर में प्रशासन ने बुलडोज़र चलाया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया। जिसके चलते जुना कबाड़ा और पांच पीर की दरगाह वाली गली पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के परिजनों और महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के साथ झुमाझटकी तक कर डाली। मकान तोडऩे की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में मौके पर भीड़ मौजुद रही।
रविवार को दोपहर में एसडीएम राधा महंत और सीएसपी दुर्गेश आर्मो, एसडीओपी शक्तिसिंह चौहान, शहर थाना प्रभारी जितेन्द्रपालसिंह जादौन तथा औद्योगिक क्षैत्र थाना प्रभारी मुनिन्द्र गौतम, तहसीलदार संदीप इवने, नायब तहसीलदार वैभव जैन, नपा इंजिनियर शुभम सोनी, डीएसबी के देवेंद्र तिवारी पुलिस जवान, राजस्व और नपा अमले के साथ जुना कबाड़ा स्थित नौशाद के मकान पर कार्रवाई करने पहुंचे। जहां नपा की जेसीबी से नौशाद के अवैध रुप से बने मकान के हिस्से को ध्वस्त किया गया। यहां से अमला पांच पीर की दरगाह वाली गली में पहुंचा, जहां आरोपी शाहरुख के मकान पर प्रशासन ने बुलडोज़र चलाया। इस दौरान शाहरुख के घर में मौजुद महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ झुमाझटकी भी की, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने मौके की नजाकत को देखते हुए उन पर शासकीय कार्य में बाधा की कार्रवाई नहीं की, पुलिस अधिकारियो की माने तो गलती एक आदमी करता हैं और भुगतना परिवार को पड़ता हैं, ऐसे में महिलाओं का गुस्सा होना लाजमी हैं।

पुलिस विवेचना जारी हैं –
मंदिर में गौ अवशेष रखने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उस पर रासुका लगाकर केन्द्रीय जैल उज्जैन भेजा गया हैं। आरोपियों के मोबाईल कॉल डिटेल के साथ बैंक खातों की जांच की जा रही हैं, आरोपियो के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद हुए हैं। शाकीर और सलमान के मकान घटना वाले दिन ही तोड़ दिए थे, वहीं नौशाद और शाहरुख के मकान भी रविवार को तोड़ दिए हैं। फिलहाल में मामले में पुलिस विवेचना जारी हैं। – दुर्गेश आर्मो, सीएसपी जावरा शहर



