– सिविल लाईन स्थित पुलिस कॉलोनी में गंदगी का अंबार, खुले पड़े ड्रेनेज होल
– रहवासियों ने कई बार नपा के जवाबदारों को बताया, लेकिन नतीजा शून्य
– गंदगी मे कुत्ते, सुअर तथा अन्य जानवर मंडराते दिखाई देते
जावरा। शहर को अपराध मुक्त रखने की जवाबदारी जिन पुलिसकर्मियों के सिर पर है वहीं नगर पालिका की लापरवाही के चलते गंदगी और बदबु में नारकीय जीवन जीने को मजबूर है। सिविल लाईन स्थित पुलिस कॉलोनी में बने स्टॉफ क्वाटर्स के नीचे बरसो पुरानी नालियां सफाई के अभाव में जाम पड़ी है, ड्रेनेज होल भी खुले पड़े है और उनका गंदा पानी बाहर तक निकल आया है, जिसके चलते पुरी कॉलोनी में बदबु फैल रही है। गंदगी में सुअर, कुत्ते तथा अन्य जानवर विचरण करते रहते है। गंदे पानी में मच्छरों की भरमार है, लेकिन इस और कोई भी जवाबदार ध्यान नही दे रहे है।

पुलिसकॉलोनी रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में व्याप्त गंदगी और समस्याओं से नगर पालिका के जिम्मेदारों को कई बार अवगत कराया लेकिन किसी ने भी अब तक इस और कोई ध्यान नहीं दिया है। नपा और विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार करने आए नेताओं को समस्याओं से अवगत कराया तो सफाई करवाने का आश्वासन दिया लेकिन चुनाव निपटते ही सभी नदारत हो गए। पुलिस कॉलोनीवासियों ने बताया कि वे आम लोगों की तरह शासन का विरोध नहीं कर सकते है, क्यों कि वे अनुशासन के विभाग में होने से अपनी बात को पुरजोर तरीके से नहीं रख पाते हैं। लेकिन साफ सफाई और गंदगी से मुक्त रहना उनका भी अधिकार है। अब देखना यह है कि क्या नगरीय प्रशासन इस तरह के हालात देखकर कोई सुध लेगा।



