– राज राजेश्वरी गोधाम गौशाला में आज होगा अनूठा आयोजन, शाम 4 बजे आरती और 5 बजे 56 भोग सेवा
जावरा। गौ सेवा, जीवदया और भारतीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक अभिनव पहल के तहत अ.भा. जैन दिवाकर विचार मंच एवं श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार गौ माता को गो-ग्रास के साथ छप्पन भोग परोसा जाएगा।
यह अनूठा आयोजन 11 अगस्त, मंगलवार को राज राजेश्वरी गोधाम गौशाला, नरसिंह धाम चांपाखेड़ा (बड़ावदा के पास) में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत शाम 4 बजे आरती तथा शाम 5 बजे गौ माता को छप्पन भोग परोसने का आयोजन रखा गया है। इस पुनीत सेवा कार्य के लिए राजा हनुमान मित्र मंडल, सरसी का सौजन्य रहेगा। कार्यक्रम में राष्ट्रसंत श्री कमल मुनि कमलेश जी का आशीर्वाद एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन रहेगा। वहीं पंडित श्री भीमाशंकर शास्त्री जी का भी मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
गौशाला में म्यूजिक सिस्टम भी भेंट किया जाएगा –
आयोजन के दौरान श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति द्वारा गौशाला में एक म्यूजिक सिस्टम भी भेंट किया जाएगा। समिति के इस सहयोग से गौशाला में होने वाली धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों को सुविधा मिलेगी।
जीवदया और करुणा का संदेश देगा आयोजन –
अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच के राष्ट्रीय वरिष्ठ मार्गदर्शक अभय सुराणा ने आयोजन की जानकारी देते हुए कहा कि गौ सेवा केवल एक सेवा कार्य नहीं, बल्कि भारतीय संस्कार, करुणा और जीवदया की सशक्त अभिव्यक्ति है। गौ माता को छप्पन भोग परोसने का यह आयोजन समाज में जीव मात्र के प्रति दया, संवेदना और सेवा भावना को और अधिक प्रबल करेगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं एवं गौसेवा प्रेमियों से इस अनूठे सेवा आयोजन में सहभागी बनकर गौ सेवा का पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

