– जन संघर्ष समिति ने जा़ेयो चौराहे से गीता भवन तक निकाली रैली
– गीता भवन पर विधायक को समस्या बताते हुए सौंपा ज्ञापन
जावरा। उज्जैन से जावरा के बीच प्रस्तावित फोरलेन के चलते भुतेड़ा एक्सप्रेस वे से जोयो तिराहे तक बनने वाले मार्ग को परिवर्तित किए जाने के मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री से चर्चा कर समाधान निकालने की कोशिश करेंगे। हमने जो रिंगरोड का सुझाव दिया है, उस पर अमल कर क्षेत्र के प्रभावित लोगों को राहत देने की मांग भी प्रदेश के मुखिया से की जाएगी। इस मुद्दे को लेकर मेरे द्वारा प्रारम्भ से ही गम्भीरतापूर्वक प्रयास किए जा रहे हैं।
यह बात क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय ने शनिवार को भुतेड़ा से जोयो तिराहे के मध्य बनने वाले ब्रिज का लगातार विरोध कर रही जन संघर्ष समिति के सदस्यों को सम्बोधित करते हुए कही। स्थानीय गीता भवन के मुख्य द्वार के सामने आज दोपहर लगभग एक बजे जन संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ ही प्रभावित लोगों ने उनसे क्षेत्र का रोजगार बचाने का आग्रह करते हुए उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। इसके जवाब में विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने इस मामले में जन संघर्ष समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समिति सदस्य भागदौड़ भरी जिंदगी के बावजूद भुतेड़ा से जोयो होटल तक का रोजगार उजडऩे से रोकने हेतु संघर्षरत है। उन्होंने समिति सदस्यों को इस बात के लिए धन्यवाद दिया कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों के साथ ही शासन-प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराने की हरसम्भव कोशिश की। विधायक डॉ. पाण्डेय ने समिति सदस्यों व प्रभावितों को आश्वस्त किया कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात कर क्षेत्र की स्थिति और आप लोगों की भावना से उन्हें अवगत कराएंगे।
विधायक ने समिति को दिया आश्वासन –
विधायक डॉ. पाण्डेय ने सदस्यों को सम्बोधित करते हुए यह भी जानकारी दी कि मामला मेरे संज्ञान में आते ही क्षेत्रीय स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए सम्बंधित अधिकारियों से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव, एमपीआरडीसी के चेयरमैन से भी चर्चा हुई। वहीं जिला कलेक्टर को भी वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया। यहां जन संघर्ष समिति के साथ ही प्रभावितों ने राजू भय्या जिंदाबाद-जिंदाबाद, और बाबूजी अमर रहे-अमर रहे, के नारे लगाए। इस दौरान सदस्यों ने विधायक डॉ. पाण्डेय को प्रतीक चिन्ह के रूप में गदा भेंटकर उनका सम्मान किया।
रैली के रूप में पहुंचे गीता भवन –
इससे पहले जनसंघर्ष समिति ने धरनास्थल से वाहन रैली निकाली, जो बेगमपुरा चौराहा, ईदगाह रोड, अजमेरी गेट, बोहरा बाखल, पूल बाजार, बजाजखाना, घण्टाघर, आजाद चौक, सुतारी पूरा,मंडी चौराहा, रतलामी गेट, निम चौक, कमानी गेट, कोठी बाजार, फूटी बावड़ी, सोमवारिया होते हुए गीता भवन के सामने पहुंची। रैली में रास्ते भर सदस्य एमपीआरडीसी मुर्दाबाद, ये विकास नहीं, विनाश है, वन्दे मातरम, भारत माता की जय, हम सब एक है,मुख्यमंत्री जी न्याय करो, विधायक जिंदाबाद के नारे लगाते चल रहे थे। इनके हाथ में एमपीआरडीसी के खिलाफ नारे लिखी तख्तियां भी देखने को मिली।
प्रदर्शन और ज्ञापन में इनकी रही उपस्थिति –
इस अवसर पर सुनील पोखरना, असलम मेव, जगदीश सोलंकी,उबेद अंसारी, मुकेश धाकड़, प्रकाश कांठेड़, कमल सर्राफ, राजेश कोठारी, आकाश औरा, आशीष पामेचा, सुरेंद्र सोनी, पंकज धारीवाल, मनोज मेहता, सुनील, आसिफ कबाड़ी पार्षद,जीतू मालवीय, दिनेश नायमा, नरेश मारवाड़ी, शरद डूंगरवाल, पिंटू सोनी, गन्नू शर्मा, अभिनंदन सुराणा, अरविंद पाटीदार, आर.डी.धाकड़, दीपक बैरागी, अर्पित नंदेचा, श्यामलाल परमार, जियाउद्दीन बोहरा, अब्बास बोहरा, मुल्ला पंडित, मुबारक मामा आदि उपस्थित रहे।
करणी सेना परिवार ने भी दिया समर्थन –
इसी कड़ी में आज धरनास्थल पर आकर करणी सेना परिवार ने पत्र देकर जन संघर्ष समिति को समर्थन दिया। साथ ही तन, मन, धन से सहयोग का भरोसा दिलाया। इस मौके पर नेपाल सिंह, महेंद्र सिंह एवं अन्य साथी गण मौजूद थे। इसी तरह जावरा फोटो कॉपी एसोसिएशन द्वारा भी समिति को समर्थन पत्र दिया गया।

