– आधे घंटे जोधुपर एक्सप्रेस तथा एक घंटा डेमु ट्रेन को रोकना पड़ा
– करीब एक घंटे तक ट्रेक रहा बंद, दिन भर चला सुधार कार्य
जावरा। नगर के मध्य स्थित रेलवे समपार क्रमांक १७७ पर सुबह करीब ७ बजे फाटक खोलने के दौरान टूटकर रेलवे ट्रेक के ऊपर से गुजर रहे 25000 वॉट की इलेक्ट्रिक केबल पर गिर गई। जिससे फाटक में करंट फैल गया। करंट फैलने की वजह से ऑटोमेटिक फाटक का बाक्स भी धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। फाटक के तार से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और करंट फैल गया, गनीमत रही कि उस दौरान फाटक पर भीड़ नही थी, यदि भीड़ होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। रेलवे कर्मचारी ने हिम्मत दिखाई और बांस की मदद से तार पर से टूटे हुए फाटक के टुकड़े को हटाया, जिसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
रेलवे ट्रेक पर करंट फैलने से जोधपुर एक्सप्रेस को ढोढऱ में करीब आधे घंटे तक रोकना पड़ा, वहीं डेमु को करीब एक घंटे तक रोककर रखना पड़ा। इस पुरी अफरा तफरी के बीच करीब एक घंटे तक रेलवे ट्रेक को बंद करना पड़ा। फाटक टूटने से फाटक के दोनो ओर बेरिकेट्स लगाकर रास्ता बंद करना पड़ा। फाटक वाला मार्ग बंद होने से ओव्हरब्रिज के ऊपर यातायात का दबाव बना, जिसके चलते ओव्हरब्रिज पर भी जाम की स्थिति निर्मित हो गई।