– तिरंगे और बैनरों के साथ निकली रैली, एसडीएम को राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
जावरा। जावरा शहर में मंगलवार को मुस्लिम समाज ने सामाजिक सौहार्द, राष्ट्र प्रेम और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की। समाजजनों ने गौ माता एवं नंदी बैल को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान तिरंगा और संदेश लिखे बैनरों के साथ निकली रैली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
रैली में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए, जो गौ माता के सम्मान में मुस्लिम समाज मैदान में जैसे संदेश लिखे बैनर हाथों में लिए हुए थे। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह सौहार्द और एकता के संदेश से भरा नजर आया। इस अवसर पर बेटी अर्शीन मेव ने आगे आकर गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और सद्भाव की प्रतीक हैं, और उनका सम्मान पूरे देश का सम्मान है। उनकी इस पहल को मौके पर मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों के साथ समर्थन दिया।
गौमाता के प्रति पूर्ण सम्मान –
ज्ञापन में मुस्लिम समाज ने स्पष्ट किया कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है और वे हिंदू समाज की गौ माता के प्रति आस्था का पूर्ण सम्मान करते हैं। समाजजनों ने हुब्बुल वतनी मिनल ईमान का उल्लेख करते हुए कहा कि वतन से मोहब्बत करना ईमान का हिस्सा है और देश की एकता व भाईचारे को बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें –
ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं —
– गौ माता एवं नंदी बैल को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए
– गौ वंश की खरीद-फरोख्त, परिवहन और वध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए
– गौ वंश के खिलाफ अपराध करने वालों को आजीवन कारावास तथा मांस निर्यातक कंपनियों के लाइसेंस निरस्त किए जाएं
समाज का संकल्प –
कार्यक्रम में मौजूद बुजुर्गों और युवाओं ने संकल्प लिया कि वे गौ संरक्षण से जुड़े कानूनों का समर्थन करेंगे और समाज में भाईचारे व सौहार्द का संदेश फैलाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जावरा से शुरू हुई यह पहल देशभर में अमन और एकता का संदेश देगी। ज्ञापन सौंपने वालों में एडवोकेट उबेद अंसारी, गुड्डू पठान, असलम मेव, एमडी आरिफ़ बेग, सोहेल उर रहमान, शफु भाई, अली जमान, शहंशाह, बाबर, सईद मेव बोरदा, अब्बू सेठ कुरैशी, रईस बोरदा, रिजवान पठान, शाहिद सवेरा, इमरान मेव, शोहेब मेव, मंसूर मिर्जा, इकबाल पहलवान, वसीम कुरैशी, शाहरुख, फारूक जमा, दानिश अब्बासी, सिकंदर मेव सहित सैकड़ों समाजजन मौजूद रहे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

