– बोहरा समाज के 53 वें धर्मगुरु का जावरा आगमन, तीन दिन जावरा में रुकेंगे
– गुरुवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव सैय्यदना साहब से करेंगे मुलाकात
जावरा। बोहरा समाज के 53 वें धर्म गुरू हिज होलिनेस सैयेदना मुफद्दल सैफुद्दीन का बुधवार को दोपहर में नगर आगमन हुआ। इससे पूर्व करीब डेढ़ साल पहले अरनीयापीथा स्थित पम्प पर धर्मगुरु का आगमन हुआ था। जिसमें अब पुन: हिज होलीनेस का प्रोगाम जावरा में बना हैं, इस बार आका मोला करीब तीन दिन जावरा में रुकेंगें और समाजजनों को दर्शन लाभ देंगे। जावरा के बोहरा समाजजनों के साथ ही उनके रिश्तेदार भी जावरा में आकामोला के दीदार के लिए उमड़ रहे हैं। आकामोला के इस्तकबाल में पुरे बोहरा बाखल को दुल्हन की तरह सजा रखा हैं। समाज के घरों और दुकानों पर आकर्षक झिलमिलाती विद्युत सज्जा की गई हैं। वहीं वजीही मस्जिद में आकामोला की तकरीर के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
सैयदना साहब ने बुधवार को दोपहर में आलोट से ताल होते हुए जावरा ताल नाका स्थित मस्तफा तेलवाला के मकान पर पहुंचे और जावरा की धरती पर अपना पहला कदम रखा। आकामोला के जावरा पहुंचने की सूचना मिलते ही समुचा बोहरा समाज अपने आकामोला के दीदार के लिए तालनाका पर उमड़ पड़ा। हिज होलीनेस की एक झलक पाने के लिए समाजजनों की लम्बी कतारे समुचे बोहरा बाखल में देखी गई। शाम करीब 5.45 बजे सैयदना साहब जैसे ही मकान से बाहर निकले तो उनकी एक झलक पाने को समाजजन उमड़े। जिन्होने अपने आकामोला का दीदार किया उन्होने स्वयं को धन्य समझा। तेलवाला के निवास से सैयदना साहब का काफिला पुलिस की सुरक्षा में रवाना हुआ। जिसके पीछे बड़ी संख्या में समाजजन भी चले। काफिला बोहरा बाखल में पहुंचा, जहां समाजजनों ने अपने धर्मगुरु का इस्तकबाल किया।
आज मुख्यमंत्री करेंगे सैयदना साहब से भेंट –
बौहरा समाज के धर्मगुरु से मुलाकात करने गुरुवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जावरा पहुंचेंगे। डॉ यादव गुरुवार को सुबह 11 बजे उज्जैन से हेलीकाप्टर से रवाना होकर 11.25 बजे बरगढ़ फंटा स्थित हेलीपेड़ पर उतरेंगे। जहां से कार द्वारा फोरलेन होकर ज़ोयो होटल चौराहे से मोती नगर होकर तालनाका स्थित मुस्तफा तेलवाला के निवास पर पहुंचेंगे। जहां सैयदना साहब से मुलाकात करेंगे और वहीं से वापस हेलीपेड़ लोट जाएंगे।


