– पुलिस बटालियन में जवानों की कलाई पर बांधी राखी, विद्यालय में राखी मेकिंग-ड्राइंग प्रतियोगिता
– नन्हे बच्चों ने पेड़ों को बांधा रक्षा सूत्र
जावरा। “रक्षा रक्षति: रक्षते” — अर्थात जो रक्षा करता है, वही रक्षा का अधिकारी है। इसी भाव को आत्मसात करते हुए स्थानीय सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल, जावरा की छात्राओं ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर 24वीं वाहिनी पुलिस विभाग की बटालियन पहुंचकर पुलिस जवानों के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया।
छात्राओं ने जवानों की कलाई पर प्रेम, स्नेह, विश्वास और रक्षा के संकल्प का प्रतीक रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विद्यार्थियों ने समाज एवं देश की सुरक्षा के लिए पुलिस जवानों द्वारा किए जा रहे समर्पण और सेवाभाव के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। जवानों ने भी छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस बटालियन परिसर में भावनात्मक और आत्मीय वातावरण देखने को मिला। कमांडेंट ने अपने आशीर्वचन में छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इन्हीं संस्कारों के साथ अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करें। छात्राओं ने कहा कि पुलिस जवान त्योहारों और विशेष अवसरों पर भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज की सुरक्षा में तत्पर रहते हैं। ऐसे में उनके साथ रक्षाबंधन मनाना उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का सुंदर अवसर है।
950 विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा –
इसी तारतम्य में विद्यालय परिसर में राखी मेकिंग एवं राखी ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें करीब 950 विद्यार्थियों ने भाग लिया। छोटे बच्चों ने राखी ड्राइंग में अपनी रचनात्मकता और रंगों की समझ का प्रदर्शन किया, वहीं बड़े विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, ‘बेस्ट फ्रॉम वेस्टÓ सहित सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर आकर्षक राखियां तैयार कीं।
वृक्षों को बांधे रक्षा सूत्र –
कार्यक्रम का सबसे भावुक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब प्री-प्राइमरी के नन्हे बच्चों ने वृक्षों को रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें गले लगाया। इस दृश्य ने वहां मौजूद पालकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी भावुक कर दिया। बच्चों ने संदेश दिया कि जैसे भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, वैसे ही हमें प्रकृति और वृक्षों की रक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए।
सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी की भावना की प्रतिक हैं रक्षाबंधन –
विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर देवेंद्र मूणत ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी की भावना का प्रतीक भी है। पुलिस जवान समाज की सुरक्षा के लिए निरंतर सेवाएं देते हैं। उनके साथ रक्षाबंधन मनाकर विद्यार्थियों ने सम्मान और कृतज्ञता की भावना को अभिव्यक्त किया है।
शिक्षा के साथ मानवीय मूल्य भी अनिवार्य –
विद्यालय प्राचार्य भाविक मूणत ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और मानवीय मूल्यों से जोडऩा विद्यालय की प्राथमिकता है। विद्यालय एकेडमिक कॉर्डिनेटर पूर्वी मूणत ने कहा कि पुलिस विभाग के जवान दिन-रात समाज की सुरक्षा में अपना योगदान देते हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर छात्राओं द्वारा जवानों की कलाई पर राखी बांधना उनके प्रति सम्मान और अपनत्व का प्रतीक है। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं जवानों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम ने भाई-बहन के प्रेम के साथ पुलिस एवं समाज के बीच विश्वास, सम्मान और आत्मीयता तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

