– शनिवार को शहर में कई धार्मिक स्थलों पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी, हटवाए लाउड स्पीकर
जावरा। मध्यप्रदेश में भाजपा के डॉ मोहन यादव की सरकार बनते ही पुरे प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर लगे लाउड स्पीकर को हटाने के आदेश जारी हुए थे, जिसके बाद कुछ समय सख्ती रही, लेकिन जैसे ही लोकसभा चुनाव नजदीक आए सरकार के आदेश ठंडे बस्ते में चले गए, अब जबकि मध्यप्रदेश में लोकसभा के चुनाव सम्पन्न हो चुके हैं, तो अब मोहन सरकार को फिर से धार्मिक स्थलों पर लगे लाउड स्पीकर की याद आ गई। सीएम डॉ मोहन यादव ने बैठक लेकर धार्मिक स्थलों पर लगे लाउड स्पीकर हटाने के आदेश को पुन: जारी करते हुए सभी प्रशासनिक अधिकारियों को काम पर लगा दिया हैं। सीएम के आदेश पर शनिवार को पुलिस और प्रशासन के अधिकारी शहर के धार्मिक स्थालों पर पहुंचे और लाउड स्पीकर उतरवाए।
प्रदेश के मुखिया डॉ मोहन यादव द्वारा बैठक लिए जाने के बाद एसडीएम राधा महंत ने जावरा तहसीलदार संदीप इवने, पिपलौदा तहसीलदार देवेन्द्र दानगढ़ तथा नायब तहसीलदार वैभव जैन को धार्मिक स्थालों पर भेजकर कार्रवाई करने के आदेश दिए। जिस पर जावरा तहसीलदार संदीप इवने ने एसआई रघुवीर जोशी और पटवारी पंकज राठौर के साथ जावरा की करीब 6 मस्जिदों के साथ 3 मंदिरों पर पहुंचे और मस्जिदों पर लगे लाउड स्पीकर उतरवाए, वहीं दो मंदिरों पर पहले से लाउड स्पीकर नहीं मिले तो एक मंदिर पर लगे लाउड स्पीकर को उतरवाए।
ढोढर में 2 स्थानों से हटवाए तो पिपलौदा में नहीं मिले –
पिपलौदा तहसीलदार देवेन्द्र दानगढ़ ने बताया कि पिपलौदा में करीब 6 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पूर्व में लाउड स्पीकर हटवाए थे, जिसके बाद किसी भी स्थान पर लाउड स्पीकर नहीं लगे थे, ऐसे में शनिवार को कार्रवाई के दौरान एक भी स्थान पर कोई लाउड स्पीकर नहीं मिला। वहीं नायब तहसीलदार वैभव जैन ने ढोढर में दो स्थानों से लाउड स्पीकर हटवाए। एसडीएम राधा महंत ने बताया कि शासन के आदेश पर कार्रवाई की गई हैं जो कि निरंतर जारी रहेगी। एसडीएम ने जिन धार्मिक स्थलों पर लाउड स्पीकर लगे हैं, वे स्वयं उन्है हटाकर शासन और प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की अपील की हैं।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

