– जिला पंचायत सदस्य डीपी धाकड़ के नेतृत्व में हुई किसान पंचायत
– पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने भी मोबाईल से किया किसानों को संबोधित, बोले ट्रक ड्राईवरों पर दर्ज करवाओ एफआईआर
– देश के कृषि मंत्री, विदेश मंत्री, मुख्यमंत्री और जिलाधीश के नाम नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
जावरा। भारत में बेन के बावजूद भी धडल्ले से तस्करी कर आ रही चायना लहसुन के दो ट्रक जावरा में पकड़े जाने के बाद पुरे प्रदेश में चायना लहसुन को लेकर बवाल मच गया हैं, इंदौर मंडी में जहां चायना लहसुन का विरोध दर्ज किया गया, वहीं जावरा की लहसुन मंडी में भी जिला पंचायत सदस्य व किसान नेता डीपी धाकड़ के नेतृत्व में चायना लहसुन के विरोध तथा चायना लहसुन के तस्करों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग को लेकर किसान पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें रतलाम, मंदसौर और नीमच जिले के किसान एकत्रित हुए और अपनी बात रखी। इस दौरान किसानों ने देश के कृषि मंत्री, विदेश मंत्री, प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ ही जिलाधीश के नाम एक नायब तहसीलदार वैभव जैन और शहर थाना प्रभारी जितेन्द्रपालसिंह जादौन को ज्ञापन भी सौंपा। किसान पंचायत को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने भी मोबाईल के माध्यम से सम्बोधित किया और पकड़े गए ट्रक चालकों पर प्रकरण दर्ज करवाने की मांग रखी।
तहसीलदार को सौपें गए ज्ञापन में बताया कि भारत में बैन के बावजूद भी चायना की लहसुन कैसे आ रही हैं, कौन लोग हैं तो इस लहसुन की तस्करी कर रहे हैं, ऐसे लहसुन माफियाओं पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग रखी गई। किसान पंचायत को जिला पंचायत सदस्य डीपी धाकड़, राजेश भरावा के साथ कई किसानों ने सम्बोधित करते हुए अपनी बात रखी। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय ने किसानों को फोन पर सम्बोधित करते हुए कहा कि आश्चर्य की बात हैं अफगानिस्तान से चलकर भारत की सीमा में ट्रक केसे पहुंचे, उसके बाद इतने राज्यों से होकर यहां तक कैसे पहुंचे, यह लहसुन की तस्करी हैं जो कि अपराध हैं, किसने मंगवाए, कहां से आए यह जांच का विषय हैं, ट्रक मालिकों पर भी प्रकरण दर्ज किया जाना चाहिए, पकड़े गए ट्रक ड्राईवरों और मालिको पर प्रकरण दर्ज करवाना चाहिए।
तीन जिलों के किसान हुए एकत्रित –
किसान पंचायत में दिलीप पाटीदार (धामेड़ी), भगवतीलाल पाटीदार (डेलनपुर), कालूलाल धाकड़, लखन पांडिया, महेश धाकड़, हर्षित धाकड़, घनश्याम राठौर (नीमच), अमृतराम पाटीदार (बालागुड़ा), दिलीप पाटीदार (बालागुड़ा), रिंगनोद सरपंच यूसुफ पठान (जावरा), व्यापारी संघ के प्रदीप दसेडा, वीरेन्द्र सिसौदिया (केवी), राजेश पुरोहित, लोकेंद्र धाकड़, मुकेश हरा, ईश्वरलाल (रोजाना), दशरथ पाटीदार (बोरखेड़ा), दिनेश शर्मा, अरविंद पाटीदार आदि सहित बड़ी संख्या में किसान मौजुद रहे।

