– केसीसी, डेयरी, पॉली हाउस सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला, बड़ी संख्या में किसानों ने लिया हिस्सा
जावरा। किसानों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें बैंक की विभिन्न कृषि एवं कृषि संबद्ध योजनाओं से जोडऩे के उद्देश्य से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, जावरा शाखा द्वारा शनिवार को एक भव्य मेगा कृषि ऋण आउटरीच कैंप का आयोजन नगर पालिका परिषद जावरा के सभागृह में किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संतोष कुमार, क्षेत्रीय प्रमुख, रतलाम क्षेत्र रहे, जबकि एन. के. सोनी, डीडीएम नाबार्ड विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। किसानों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि कृषि क्षेत्र की उन्नति और किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए संस्थागत ऋण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रीकरण तथा कृषि आधारित उद्यमों को अपनाने के लिए बैंकिंग सुविधाओं का अधिकाधिक उपयोग करने का आह्वान किया। अतिथियों ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनका लाभ बैंकिंग प्रणाली के माध्यम से किसानों तक पहुंचाया जा रहा है। ऐसे शिविर किसानों को योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं।
विभिन्न योजनाओं के तहत बांटा 15 करोड़ का ऋण –
शिविर के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), डेयरी ऋण, पॉली हाउस ऋण, कृषि यंत्र ऋण तथा अन्य कृषि एवं कृषि संबद्ध योजनाओं के अंतर्गत पात्र किसानों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर किसानों को कुल 15 करोड़ रुपए के कृषि ऋण वितरित किए गए, जिससे क्षेत्र के कृषि विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही पीएम स्वनिधि योजना के तहत भी पात्रों को ऋण स्वीकृत प्रदान किए गए।
योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी –
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, कृषि निवेश, पशुपालन, डेयरी व्यवसाय, उद्यानिकी एवं आधुनिक खेती से संबंधित वित्तीय सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही किसानों की ऋण संबंधी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान कर उन्हें बैंकिंग प्रक्रियाओं के बारे में जागरूक किया गया। वहीं समय पर लिए गए ऋण को पुन: अदा करने को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। शिविर में वरिष्ठ एडवोकेट वरुण श्रोत्रिय ने भी संबोधित किया। इस दौरान नगर पालिका की पीएम स्वनिधि योजना नोडल रितु शोरी और वर्षा श्रोत्रिय भी विशेष रुप से उपस्थित रही।
इनकी रही उपस्थिति –
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जावरा शाखा प्रबंधक सौरभ मेहता एवं हरीश शर्मा, बांगरोद शाखा प्रबंधक त्रिलोक सांखला, कालूखेड़ा शाखा प्रबंधक विकास गौड़, रिंगनोद शाखा प्रबंधक विनोद चौहान तथा बड़ावदा शाखा प्रबंधक शंकरसिंह चौहान का विशेष योगदान रहा। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किसानों को योजनाओं की जानकारी देने और ऋण वितरण प्रक्रिया को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने किसानों से बैंक की कृषि ऋण योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में निवेश बढऩे से न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। शिविर में बैंक के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


