– स्मार्ट मीटर से पीडि़त हजारों उपभोक्ता करेंगे शिरकत
जावरा। स्मार्ट मीटर सहित अन्य बिजली समस्याओं को लेकर बुधवार को सुबह पीडि़त उपभोक्ताओं द्वारा बिजली कम्पनी के कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। बिजली पीडि़त उपभोक्ता समिति के सूत्रों ने बताया कि 6 अगस्त को प्रात: करीबन 10 बजे नगर के तमाम परेशान विद्युत उपभोक्ता स्थानीय विद्युत विभाग के परिसर में एकत्रित होंगे। जहाँ बिजली कम्पनी के अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ नारेबाजी कर धरना दिया जाएगा।
समिति सदस्यों ने बताया कि विद्युत वितरण कम्पनी द्वारा बिजली उपभोक्ताओं के घर, दुकान व संस्थान पर जबरिया स्मार्ट मीटर ठोक दिए गए। इसके चलते उन्हें हर माह अत्यधिक राशि के बिल प्राप्त हो रहे हैं। बिजली खपत के भारी भरकम बिल मिलने से लोग खासे परेशान हैं। जिन उपभोक्ताओं को पहले नाममात्र के विद्युत खपत के बिल मिलते थे, उन्हें स्मार्ट मीटर लगने के बाद प्रतिमाह हजारों रुपए के बिल थमाए जाकर बिजली कम्पनी द्वारा उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। बिजली उपभोक्ताओं की सभी जायज मांगों को लेकर कल विद्युत वितरण कम्पनी के कार्यालय का घेराव कर विभाग के जवाबदार अधिकारियों को उपभोक्ताओं की समस्या से अवगत कराया जाएगा। समिति के नीलेश मेहता,असलम मेव, अली जमान ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं की समस्याओं के निराकरण में रुचि नहीं ली गई और सन्तोषप्रद कदम नहीं उठाया गया तो बिजली विभाग के विरुद्ध बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी।




