सामाजिक न्याय विभाग और एलिम्को के संयुक्त शिविर में ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र सहित कई उपकरणों का नि:शुल्क वितरण
जावरा। जावरा जनपद पंचायत में सामाजिक न्याय विभाग एवं एलिम्को उज्जैन द्वारा आयोजित दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण शिविर में पात्र लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और अन्य उपकरण नि:शुल्क वितरित किए गए। जिससे उनके जीवन को अधिक सुगम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दिव्यांगजन लाभार्थियों के सम्मान के साथ हुआ। शिविर की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शंभूलाल चंद्रवंशी ने की। इस अवसर पर जनपद पंचायत जावरा के उपाध्यक्ष प्रतिनिधि हरिओम शाह, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्रसिंह देवड़ा, डॉ लक्ष्मीनारायण पाण्डेय मंडल अध्यक्ष मांगीलाल, जनपद सदस्य प्रियाकुवर सिसोदिया, बबलेस पाटीदार, सामाजिक न्याय विभाग की डिप्टी डायरेक्टर संध्या शर्मा, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र प्रभारी तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बलवंत सिंह नलवाया उपस्थित रहे।
दिव्यांगजनों को मिले आधुनिक उपकरण –
शिविर में चिन्हित लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकर, कृत्रिम अंग, श्रवण यंत्र सहित अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। उपकरण प्राप्त करने के बाद दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया।
सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास –
अपने संबोधन में अध्यक्ष शंभूलाल चंद्रवंशी ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे शिविर दिव्यांग भाई-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोडऩे का प्रभावी माध्यम हैं। वहीं उपाध्यक्ष प्रतिनिधि हरिओम शाह ने लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल एवं व्हीलचेयर प्रदान कर उनका पुष्पहार पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन राजीव कुमार आर्य ने किया। अंत में जनपद पंचायत जावरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बलवंत सिंह नलवाया ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

