– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा हुई साकार, शिक्षा के क्षेत्र में जावरा विधानसभा ने भरी नई उड़ान
– विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के सतत प्रयासों से सैकड़ों बेटियों को मिलेगा सुरक्षित आवास और बेहतर शिक्षा का अवसर
– पिपलौदा में दिव्यांग छात्रावास की स्वीकृति भी अंतिम चरण में।
जावरा। जावरा विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के लगातार प्रयासों से सुजापुर और ढोढर में बालिका छात्रावास भवन निर्माण के लिए 6 करोड़ 30 लाख रुपये की स्वीकृति जारी कर दी गई है। इस परियोजना से क्षेत्र की सैकड़ों छात्राओं को सुरक्षित आवास और बेहतर शिक्षा का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप राज्य शिक्षा केंद्र ने 50 सीटर नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास, ढोढर तथा 100 सीटर बालिका छात्रावास, सुजापुर के भवन निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है।
विधायक के प्रयास, सीएम ने की घोषणा –
विधायक डॉ. पांडेय लंबे समय से क्षेत्र के भवनविहीन स्कूलों और छात्रावासों के लिए भवन निर्माण की मांग कर रहे थे। हाल ही में जावरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को इस आवश्यकता से अवगत कराया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने दोनों छात्रावासों के निर्माण की घोषणा की थी। घोषणा के बाद विधायक ने विभागीय स्तर पर लगातार फॉलोअप करते हुए मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह से भी मुलाकात कर छात्राओं की समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
जावरा को शिक्षा का हब बनाने का लक्ष्य –
डॉ. पांडेय ने कहा कि जावरा विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा का हब बनाने के उद्देश्य से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। अब तक क्षेत्र को दो सांदीपनि विद्यालय, दो औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), दो महाविद्यालय और दो बालिका छात्रावास की सौगात मिल चुकी है। आने वाले समय में पिपलौदा में जिला स्तरीय दिव्यांग छात्रावास का नवीन भवन भी बनाया जाएगा, जिसकी स्वीकृति प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके अलावा भवनविहीन हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के भवन निर्माण की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है।
इन्होने जताया आभार –
इस स्वीकृति पर भाजपा जिला महामंत्री महेश सोनी, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह देवड़ा, मांगीलाल पांचाल, दिनेश पाटीदार, राजेश शर्मा, रितेश जैन, अजय पांडेय, अमित पाठक, बालाराम मालवीय, जगदीश माली, राकेश चौहान सहित भाजपा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह एवं विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

