– भ्रष्टाचार प्रकरण दर्ज होने के बाद संयुक्त संचालक लोक शिक्षण ने की कार्रवाई
– रतलाम डीईओ कार्यालय बनाया गया मुख्यालय
जावरा/रतलाम। लोकायुक्त उज्जैन की कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। जावरा स्थित शासकीय कन्या कमला नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 अनिल वर्मा को भ्रष्टाचार के प्रकरण में नाम आने के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, उज्जैन संभाग द्वारा जारी आदेश में निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रतलाम निर्धारित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक लोढ़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय कन्या कमला नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जावरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 अनिल वर्मा द्वारा सेवानिवृत शिक्षक से 10 हजार की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त ने ट्रेप कर उनके विरुद्ध लोकायुक्त उज्जैन द्वारा भ्रष्टाचार का प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, उज्जैन संभाग अनसिंह बघेल ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से अनिल वर्मा को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में अनिल वर्मा का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रतलाम रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

