– जीतू पटवारी पहुंचे ज़ोयो तिराहे पर, धरने को समर्थन देकर विधायक डॉ पाण्डेय से फोन पर की चर्चा
– विधायक से बोले पटवारी जनता की समस्या पर आप और हम सभी एक साथ हैं
– विधायक ने भी पटवारी को क्षैत्र में आने पर किया स्वागत, बोले मुख्यमंत्री से हम सभी मिलकर करेंंगे चर्चा
जावरा। उज्जैन से जावरा तक बन रहे ग्रीन फील्ड एक्सेस वे के तहत भूतेड़ा से जावरा तक बनने वाले सात फ्लाय ओव्हर के विरोध में ज़ोयो तिराहे पर धरना दे रही जन संघर्ष समिति के धरना स्थल पर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पहुंचे और धरने को समर्थन दिया। इस दौरान पटवारी ने मोबाईल पर जावरा विधायक डॉ राजेन्द्र पाण्डेय से चर्चा की, चर्चा में पटवारी ने विधायक डॉ पाण्डेय से कहा कि धरने पर जो लोग बैठे हैं, उनका आपने समर्थन किया हैं, इसके लिए मैं आपको साधुवाद देता हूं। समस्या से निपटने के लिए मैं भी आपके साथ चलता हूं, क्षैत्र के जो भी विधायक हैं, उन सभी को हम साथ लेकर मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री के साथ एनएच के अधिकारियों से मिलकर चर्चा करते हैं, इस मामले में कोई पार्टी पॉलिटिक्स नहीं हैं, हम सभी जनता के लिए काम कर रहे हैं। मैं आपके फोन का इंतजार करुगा। हम सभी मिलकर चर्चा करेंगे और इस समस्या का हल निकालने का पूरा प्रयास करेंगे। जो भी रद्दो बदल होगा, उसे करेंगे। चर्चा के दौरान विधायक डॉ राजेन्द्र पाण्डेय ने भी फोन पर क्षैत्र में पटवारी के आगमन पर स्वागत करते हुए समस्या को लेकर साथ देने के लिए धन्यवाद भी दिया। पटवारी के साथ महिदपुर विधायक दिनेश जैन बोस, सरदारपुर विधायक एवं जिला प्रभारी प्रताप ग्रेवाल, तराना विधायक महेश परमार, पूर्व विधायक दिलीप गुर्जर नागदा ने भी धरने को समर्थन देकर समस्या में साथ देने की बात कहीं। इस दौरान समिति के डीपी धाकड़, असलम मेव, सुनिल पोखरना आदि मौजुद रहे।


