– शिकायत पर पहुंची 112 का कांच भी तोड़ा
जावरा। कालूखेड़ा थाना क्षेत्र में बीती रात एक मानसिक रोगी द्वारा मचाए गए उत्पात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। सेंट्रल बैंक के सामने हुई इस घटना में आरोपी ने रात करीब 1 बजे घर का सामान बाहर फेंकना शुरू कर दिया और नग्न अवस्था में गली में उतरकर जोरदार तोडफ़ोड़ मचाई।
उत्पात के दौरान तीन से चार वाहनों को गंभीर नुकसान पहुंचा, वहीं पास स्थित एक मकान के शीशे एवं उसमें लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए। स्थानीय निवासियों द्वारा डायल-112 पर कॉल किए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया, जिससे 112 वाहन का शीशा टूट गया और एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पीडि़तों ने पूरे मामले की शिकायत कालूखेड़ा थाने में दर्ज करवाई है। कालूखेड़ा थाना प्रभारी मोहनसिंह मौर्य ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने में सफलता हासिल कर ली।


