-बिहार से आकर मालवा को बनाया कर्मभूमि, कोरोना काल में भी दी अमूल्य सेवाएं- सिविल हॉस्पिटल जावरा में सम्मान समारोह आयोजित
जावरा। सिविल हॉस्पिटल जावरा में पदस्थ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण गुप्ता ने शासकीय सेवा के 36 वर्ष पूर्ण कर सेवानिवृत्ति ली। इस अवसर पर सिविल हॉस्पिटल जावरा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सहकर्मियों और स्टाफ ने डॉ. गुप्ता के दीर्घ शासकीय सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और सेवा भावना को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में सिविल हॉस्पिटल जावरा के प्रभारी डॉ. दीपक पालड़ीया ने कहा कि बिहार से आकर डॉ. अरुण गुप्ता ने मालवा को अपनी कर्मस्थली बनाया और 36 वर्षों तक पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ जनता को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने अपनी सेवा भावना से एक मिसाल कायम की है। अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने वाले डॉ. गुप्ता का व्यवहार, आचरण और सेवाप्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।
डॉ. अजय सिंह राठौर ने कहा कि मातृ एवं शिशु कल्याण कार्यक्रम तथा नसबंदी कार्यक्रम में डॉ. गुप्ता के नेतृत्व में संस्था ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। उनके अनुभव और कार्यशैली से स्टाफ को काफी कुछ सीखने का अवसर मिला।
सिविल हॉस्पिटल जावरा के डॉ. फैजान उस्मानी, डॉ. दिनेश पाटीदार एवं डॉ. शुभम पांडेय ने डॉ. गुप्ता के सफल कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी डॉ. गुप्ता को सामाजिक कार्यों में अपना योगदान देना चाहिए।
समारोह में डॉ. गुप्ता की कोरोना काल के दौरान दी गई अमूल्य सेवाओं को भी विशेष रूप से याद किया गया। खेरुनीशा खान, श्वेता सिंह, कैलाश पवार, भरत बीडवान, गोपाल सिंह राठौर एवं नाजनीन खान ने कहा कि शासकीय सेवा के दौर में डॉ. अरुण गुप्ता जैसा कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार, मेहनती और मिलनसार व्यक्तित्व मिलना मुश्किल है।
इस अवसर पर डॉ. अरुण गुप्ता का हार-फूल, शाल-श्रीफल से सम्मान किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र भी भेंट किया गया। अभिनंदन पत्र का वाचन सिविल हॉस्पिटल जावरा प्रभारी डॉ. दीपक पालड़ीया ने किया।
कार्यक्रम में अनीता जोशी, धर्मेंद्र भट्ट, स्वीटी झाला, वैशाली वसुनिया, पूजा राठौर, सपना भाटी, रंजना कुमावत, कृष्णा धाकड़, तनवी फूलवानी, रमेश माली, गजेंद्र राठौर, ओंकार मालवीय, राकेश चावरे एवं अनिल चौहान सहित सिविल हॉस्पिटल का स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र कुमार दवे ने किया तथा आभार भारत सिंह ने माना।

