– सुनसान खेत बने निशाना, 9 क्विंटल लहसुन चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
– बाइक-ऑटो समेत 4 लाख रुपए का माल जब्त
जावरा। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने खेतों में बने सुनसान मकानों को निशाना बनाकर लहसुन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किए गए लहसुन को बेचकर प्राप्त 70 हजार नकद, वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और ऑटो सहित करीब 4 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 27-28 जुलाई की रात ग्राम नागदी स्थित किसान बसंतीलाल हाड़ा के खेत पर बने मकान से 17 बोरियों में भरा लगभग 9 क्विंटल लहसुन चोरी हो गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।
सीसीटीवी व साइबर सेल तकनिकी सहायता से हुई पहचान –
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल की तकनीकी सहायता, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद आमीन खान (38), निवासी भावगढ़, जिला मंदसौर तथा सादिक कुरैशी (30), निवासी मेवातीपुरा, जावरा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी किया गया करीब 9 क्विंटल लहसुन नीमच मंडी में बेच दिया था, जिसकी बिक्री से मिले 70 हजार नकद पुलिस ने बरामद कर लिए। साथ ही वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और ऑटो भी जब्त कर लिए गए। पुलिस ने कुल 4 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है।
विभिन्न थानों में आमीन पर दर्ज हैं चोरी के केस –
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आमीन खान के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, सोयाबीन चोरी, चांदी चोरी, भैंस चोरी, डोडाचूरा तस्करी एवं आबकारी अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के तीन फरार साथियों की तलाश कर रही है तथा अन्य चोरी की वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
इन पुलिस अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका –
इस कार्रवाई में डीएसपी प्रकाश गाडरिया, उपनिरीक्षक कुलदीप डाबी, उपनिरीक्षक मोहम्मद अय्यूब खान, प्रधान आरक्षक बालकृष्ण, प्रधान आरक्षक शिवपाल सिंह, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सिंह, आरक्षक हिरालाल, रवि, चेतन, पवन, मोहन, रविन्द्र सिंह, दीपक, शादाब तथा गोपाल की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पूरी टीम ने तकनीकी एवं मैदानी जांच के माध्यम से इस चोरी का सफल खुलासा किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

