जावरा में मुख्यमंत्री मोहन यादव और कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी, विधायक राजेन्द्र पांडेय के बेटे के विवाह समारोह में पहुंचे वीआईपी मेहमा
– होटल ग्रैंड पद्मा रिसोर्ट में वीआईपी मेहमानों का लगा जमावड़ा, मुख्यमंत्री ने प्रांजल पांडेय को दिया सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद
जावरा। विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के सुपुत्र प्रांजल पांडेय के विवाह समारोह में मध्यप्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को जावरा के पिपलोदा रोड स्थित होटल ग्रैंड पद्मा रिसोर्ट में आयोजित विवाह समारोह में प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पहुंचकर नवदंपती को शुभकामनाएं दीं।
बुधवार दोपहर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे। वहीं शाम करीब 5 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गांधी सागर में आयोजित कैबिनेट बैठक के बाद जावरा पहुंचे और विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के परिवार के इस मांगलिक आयोजन में शामिल हुए। इस दौरान विधायक डॉ. पांडेय ने परिवार सहित मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
समारोह में मंच पर विधायक डॉ. पांडेय ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने विधायक पुत्र प्रांजल पांडेय को विवाह की शुभकामनाएं देते हुए सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
तीन पीढ़ियों से पांडेय परिवार से जुड़ाव बताया –
विवाह समारोह में पहुंचे नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पांडेय परिवार के साथ अपने पुराने संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनका पांडेय परिवार से तीन पीढ़ियों का जुड़ाव रहा है। विजयवर्गीय ने विशेष रूप से बताया कि उन्हें राजनीति में पहला टिकट पूर्व सांसद डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय ने ही दिया था। इस तरह उन्होंने परिवार के साथ अपने पुराने राजनीतिक और आत्मीय संबंधों को साझा किया।
मुख्यमंत्री के आगमन से प्रशासनिक अमला रहा अलर्ट –
मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री के जावरा आगमन को लेकर सुबह से ही पिपलोदा रोड सहित आयोजन स्थल और हेलीपेड पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की सक्रियता बनी रही। हेलीपेड पर विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के साथ कलेक्टर अजय कटेसरिया और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत किया। विधायक पुत्र के विवाह समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री की उपस्थिति से आयोजन की राजनीतिक और सामाजिक हलचल भी चर्चा में रही।

